दांडी मार्च की वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री योगी ने बापू और सत्याग्रहियों को किया नमन

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 1930 में शुरू हुए ऐतिहासिक दांडी मार्च की वर्षगांठ पर ‘राष्ट्रपिता’ महात्मा गांधी और स्वतंत्रता संग्राम के सभी सत्याग्रहियों को कोटिशः नमन किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1930 में आज ही के दिन महात्मा गांधी के नेतृत्व में नमक सत्याग्रह की शुरुआत साबरमती आश्रम से हुई थी। यह भारतीय स्वाधीनता संग्राम की उस ज्योति का प्रज्ज्वलन था, जिसने देश के जन-जन में आत्मबल और स्वराज का नया मंत्र भर दिया।
उन्होंने कहा कि बर्बर और अलोकतांत्रिक ब्रिटिश शासन की जड़ें हिलाने वाले इस अभूतपूर्व आंदोलन ने यह सिद्ध कर दिया कि सत्य, साहस और सामूहिक संकल्प से बड़े से बड़ा साम्राज्य भी डगमगा सकता है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के सभी सत्याग्रहियों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि उनका संघर्ष देशवासियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने अपने संदेश का समापन “भारत माता की जय” के उद्घोष के साथ किया।

गौरतलब है कि महात्मा गांधी द्वारा 12 मार्च 1930 को साबरमती आश्रम से शुरू की गई 24 दिनों की ऐतिहासिक दांडी यात्रा (दांडी मार्च) ब्रिटिश नमक कानून को तोड़ने और भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को गति देने का एक अहिंसक आंदोलन था।

गांधी जी ने 79 अनुयायियों के साथ 241 मील की पैदल यात्रा कर 6 अप्रैल 1930 को दांडी में नमक बनाकर कानून तोड़ा, जिसने पूरे देश में सविनय अवज्ञा आंदोलन का शंखनाद किया था।

Related Articles

Back to top button