दारा सिंह को मिला विधान परिषद के लिये भाजपा का टिकट

लखनऊ, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद की एक सीट के लिए होने वाले उपचुनाव में मंगलवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान को अपना उम्मीदवार घोषित किया।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने आज यह घोषणा नई दिल्ली में की। श्री चौहान के बुधवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल करने की संभावना है। पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा के राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद उनके इस्तीफे से खाली हुई सीट पर यह उपचुनाव हो रहा है।

दारा सिंह चौहान योगी आदित्यनाथ सरकार के पहले कार्यकाल में कैबिनेट मंत्री थे। 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने मंत्रिपरिषद और भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल हो गए थे।

2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने सपा उम्मीदवार के रूप में घोसी सीट से चुनाव लड़ा और विधायक चुने गए। पिछले साल जुलाई में उन्होंने विधानसभा और सपा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और एक बार फिर से भाजपा का दामन थाम लिया। पिछले साल सितंबर में चौहान ने भाजपा उम्मीदवार के रूप में घोसी सीट के लिए उपचुनाव लड़ा मगर उन्हे सपा के सुधाकर सिंह से 40 हजार से अधिक मतों से शिकस्त का सामना करना पड़ा। भाजपा में शामिल होने के बाद से उनके योगी मंत्रिमंडल में फिर से मंत्री बनाये जाने को लेकर अटकलें लगायी जा रही हैं।

Related Articles

Back to top button