दिग्गज कंपनियों में लिवाली से एक प्रतिशत से ज्यादा चढ़े प्रमुख सूचकांक

मुंबई, घरेलू शेयर बाजारों में दिग्गज और बड़ी कंपनियों में लिवाली से सोमवार को प्रमुख सूचकांक एक प्रतिशत से ज्यादा की तेजी में बंद हुए।

बीएसई का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 938.93 अंक (1.26 प्रतिशत) की बढ़त में 75,502.85 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी-50 सूचकांक भी 257.70 अंक यानी 1.11 प्रतिशत ऊपर 23,408.80 अंक पर पहुंच गया।

लगातार तीन दिन लुढ़कने के बाद दोनों प्रमुख सूचकांक हरे निशान में लौटे हैं। आज सुबह गिरावट में खुलने के बाद कुछ ही देर में सेंसेक्स और निफ्टी-50 बढ़त में चले गये। दोपहर बाद ग्राफ तेजी से ऊपर गया।

बड़ी कंपनियों के विपरीत मझौली तथा छोटी कंपनियों पर दबाव जारी रहा और वृहत बाजार में बिकवाली हावी रही। निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 0.17 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 0.53 प्रतिशत टूट गया।

ऑटो, वित्त, बैंकिंग, एफएमसीजी और धातु समूहों की कंपनियों में लिवाली हुई जबकि तेल एवं गैस, स्वास्थ्य, फार्मा, रियलटी और रसायन समूहों के सूचकांक नीचे बंद हुए।

एनएसई में कुल 3,372 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ जिनमें 2,212 के शेयर लाल निशान में और 1,074 के हरे निशान में रहे। अन्य 86 कंपनियों के शेयर अंततः अपरिवर्तित रहे।

सेंसेक्स की कंपनियों में अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर सबसे अधिक 4.64 प्रतिशत चढ़ा। ट्रेंट में 3.01 फीसदी, एचडीएफसी बैंक में 2.88, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 2.86, इटरनल में 2.80, बजाज फाइनेंस में 2.79, आईटीसी में 2.22 और टाटा स्टील में 2.04 प्रतिशत की तेजी रही।

भारतीय स्टेट बैंक का शेयर 1.89 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व का 1.88, इंडिगो का 1.56, आईसीआईसीआई बैंक का 1.49, एक्सिस बैंक का 1.46, मारुति सुजुकी का 1.31 और रिलायंस इंडस्ट्रीज का 1.05 प्रतिशत ऊपर रहा। एशियन पेंट्स, कोटक महिंद्रा बैंक, एलएंडटी, अडानी पोर्ट्स, हिंदुस्तान यूनीलिवर, टाइटन और टेक महिंद्रा के शेयर भी बढ़त में बंद हुए।

बीईएल का शेयर सबसे ज्यादा 2.32 फीसदी, पावरग्रिड का 1.10 फीसदी और सनफार्मा का एक फीसदी गिरा। भारती एयरटेल और एनटीपीसी के शेयर भी लाल निशान में रहे।

वैश्विक स्तर पर एशिया में चीन का शंघाई कंपोजिट 0.26 प्रतिशत और जापान का निक्केई 0.13 प्रतिशत टूट गया। हांगकांग का हैंग सेंग 1.45 प्रतिशत की बढ़त में बंद हुआ। यूरोप में शुरुआती कारोबार में जर्मनी का डैक्स 0.60 फीसदी और ब्रिटेन का एफटीएसई 0.63 फीसदी ऊपर था।

Related Articles

Back to top button