दिल्ली के कर्तव्य पथ पर चमकी यूपी की 14 लखपति दीदियां

लखनऊ, गणतंत्र दिवस पर उत्तर प्रदेश की 14 लखपति दीदियों ने राजधानी नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में विशेष अतिथि के रूप में भाग लेकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी ये महिलाएं कर्तव्य पथ पर आयोजित भव्य परेड की साक्षी बनीं और आत्मनिर्भर नारी, सशक्त गांव और मजबूत उत्तर प्रदेश का संदेश पूरे देश तक पहुंचाया।
इस अवसर पर दीदियों ने केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर ग्रामीण आजीविका, स्वरोजगार और नवाचार आधारित व्यवसायों पर अनुभव साझा किए। महिलाओं ने दुग्ध उत्पादन, मसाला निर्माण, कैफे संचालन, उन्नत खेती, ब्यूटी पार्लर, ई-रिक्शा, गो-आधारित उत्पाद और प्रेरणा कैंटीन जैसे क्षेत्रों में अपनी सफलता की कहानियां बताईं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लखपति दीदी अभियान ग्रामीण भारत में महिला आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार बन रहा है।
अधिकांश दीदियां पहली बार दिल्ली पहुंचीं और पहली बार ही गणतंत्र दिवस के राष्ट्रीय आयोजन का हिस्सा बनीं। कार्यक्रम के दौरान संभल की अनुपमा सिंह को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। जानकारी के अनुसार 27 जनवरी को यूपी की लखपति दीदियों को अन्य राज्यों की महिलाओं के साथ राजधानी के प्रमुख दर्शनीय स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा।
दिल्ली में यूपी का प्रतिनिधित्व करने वाली 14 लखपति दीदियों में मंशा देवी (गोरखपुर), प्रवेश कुमारी (झांसी), रितु देवी (बिजनौर), सरिता देवी (कौशांबी), ऋतु शर्मा (अलीगढ़), निर्मला देवी (चित्रकूट), राजकुमारी देवी (गोरखपुर), मंत्रवती शाक्य (इटावा), विजेता गोयल (इटावा), अनुपमा सिंह (संभल), गुड़िया देवी (रायबरेली), आशा (देवरिया), सुमन देवी (बिजनौर) और मोनिका (संभल) शामिल रहीं।





