दिल्ली के बाद मोहाली में कई निजी स्कूलों को मिले बम धमाके की धमकी भरे ईमेल

मोहाली/नयी दिल्ली,  पंजाब के मोहाली में प्रमुख निजी स्कूलों में बुधवार सुबह बम धमकी वाले ईमेल मिलने के बाद तनाव फैल गया। इसके बाद आनन-फानन में स्कूलों को खाली कराया गया और बड़े पैमाने पर सुरक्षा अभियान चलाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि कम से कम सोलह संस्थान इससे प्रभावित हुए। एहतियात के तौर पर यादवेंद्र पब्लिक स्कूल (वाईपीएस), लर्निंग पाथ्स स्कूल और शिवालिक पब्लिक स्कूल जैसे परिसरों से छात्रों को छुट्टी दे दी गई। परिसरों की गहन तलाशी के लिए बम निरोधक और तोड़फोड़ विरोधी इकाइयों के साथ पुलिस टीमों को तैनात किया गया।

मोहाली के नगर पुलिस अधीक्षक दिलप्रीत सिंह ने यूनीवार्ता से कहा कि मोहाली के 16 प्रमुख स्कूलों को सुबह ईमेल के जरिए बम रखे होने की धमकी मिली थी जिसके बाद बम निरोधक दस्तों सहित लगभग 250 बलोंं को कार्रवाई में लगाया गया।

अधिकारी ने कहा, “सुबह लगभग 7:30 बजे मोहाली के कई प्रमुख स्कूलों को एक धमकी भरा ईमेल मिला, जिसके बाद तुरंत सुरक्षा प्रतिक्रिया शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बम निरोधक दस्ते, तोड़फोड़ विरोधी टीमों और स्थानीय पुलिस थानों के कर्मियों को परिसरों की विस्तृत जांच के लिए तैनात किया गया। एहतियात के तौर पर स्कूलों की घेराबंदी कर दी गई और छात्रों तथा कर्मचारियों को घर भेज दिया गया। अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।”

श्री सिंह ने यह भी कहा कि यदि कुछ भी संदिग्ध नहीं मिलता है, तो गुरुवार से स्कूल फिर से खुलेंगे। एक अधिकारी ने बताया कि यह धमकी दिल्ली के कई स्कूलों में सोमवार को मिले बम की धमकी वाले ईमेल के दो दिन बाद आई है, जिससे छात्रों, अभिभावकों और स्कूल अधिकारियों के बीच दहशत फैल गई थी और सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत हस्तक्षेप करना पड़ा था।

विस्फोट की चेतावनी देने वाला एक धमकी भरा ईमेल कई स्कूलों को प्राप्त हुआ, जिससे तुरंत सुरक्षा अलर्ट जारी हो गया। अधिकारियों को दी गई रिपोर्ट के अनुसार, इस संदेश में भड़काऊ नारे शामिल थे और दावा किया गया था कि दोपहर 1:11 बजे विस्फोट होगा। ईमेल में लिखा था, “दिल्ली खालिस्तान बनेगा। अफजल गुरु की याद में। दोपहर 1:11 बजे विस्फोट होगा।”

ईमेल में इस सप्ताह के अंत में संसद पर हमले की भी धमकी दी गई, जिसमें कहा गया, “13 फरवरी को दोपहर 1:11 बजे संसद में विस्फोट होगा। पंजाब खालिस्तान है।”

इसके जवाब में, स्थानीय पुलिस टीमों के साथ-साथ के9 (स्वान) इकाइयों और बम पहचान एवं निरोधक दस्तों को प्रभावित परिसरों में गहन तलाशी लेने और छात्रों तथा कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिये तैनात किया गया था।

रिपोर्टों के अनुसार, सुबह 8:30 से 9:00 बजे के बीच कम से कम नौ स्कूलों को बम की धमकी वाले ईमेल मिले थे, जिनमें दिल्ली छावनी स्थित लोरेटो कॉन्वेंट, रोहिणी स्थित वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल, कैम्ब्रिज स्कूल के श्रीनिवासपुरी और न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी परिसर, सादिक नगर स्थित द इंडियन स्कूल, रोहिणी स्थित सीएम श्री स्कूल, आईएनए स्थित डीटीईए स्कूल, रोहिणी स्थित बाल भारती स्कूल और न्यू राजेंद्र नगर स्थित मानव स्थली स्कूल शामिल हैं।

स्कूलों को तुरंत खाली करा लिया गया था और छात्रों तथा कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गहन जांच की गई थी। पुलिस ने कहा कि तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने और जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button