दिल्ली के मयंक शर्मा और वंश बिष्ट में होगी खिताबी भिड़ंत

लखनऊ,  शीर्ष वरीय दिल्ली के मयंक शर्मा व दिल्ली के वंश बिष्ट ने गुरुवार को स्वरुप अग्रवाल मेमोरियल आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में एकल के सेमीफाइनल में जीत से फाइनल में जगह बनाते हुए खिताबी भिड़ंत सुनिश्चित की। दूसरी ओर युगल में तीसरी वरीय मुकिल रामानन व रिकी चौधरी और मयंक शर्मा व वंश नंदल ने फाइनल में स्थान सुरक्षित किया।

एक लाख रुपए की इनामी राशि वाले टूर्नामेंट में एकल के पहले सेमीफाइनल में शीर्ष वरीय दिल्ली के मयंक शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आठवीं वरीय हरियाणा के अर्नत्या ओह्ल्यान को 6-1, 6-0 से हराया। मयंक ने पूरे मैच में बेहतरीन सर्विस का प्रदर्शन करते हुए मैच पर पकड़ बनाए रखी और प्रतिद्वंद्वी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।

दूसरे सेमीफाइनल में दिल्ली के वंश बिष्ट ने फाइनल में जगह बनाई, हालांकि यह मुकाबला पूरी तरह नहीं खेला जा सका। हरियाणा के वंश नंदल ने मैच बीच में ही छोड़ दिया। उस समय वंश बिष्ट पहले सेट में 4-1 से बढ़त बनाए हुए थे और मैच पर पकड़ मजबूत कर चुके थे।

युगल के पहले सेमीफाइनल में तीसरी वरीय मुकिल रामानन व रिकी चौधरी ने रोमांचक मैच में लव पहल व जसराज सिंह को टाईब्रेक में 7-6(5), 6-2 से शिकस्त देते हुए फाइनल में जगह बनाई। पहले सेट में दोनों जोड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जो टाईब्रेक तक पहुंचा, जहां मुकिल-रिकी ने बेहतर संयम दिखाया। दूसरे सेट में उन्होंने आक्रामक खेल के साथ मुकाबला अपने नाम कर लिया।

वहीं दूसरे सेमीफाइनल में वंश नंदल व मयंक शर्मा ने पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए सुनील कुमार व एकलव्य सिंह को सुपर टाईब्रेक में 5-7, 6-4, 10-4 से पराजित किया। पहला सेट गंवाने के बाद मयंक-वंश ने अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए बेहतरीन जुगलबंदी का प्रदर्शन किया जिसका उन्हें फायदा मिला।

Related Articles

Back to top button