Breaking News

दिल्ली जीत गये, अब बिहार की बारी है: जे.पी. नड्डा

नयी दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से बिहार विधानसभा चुनाव के लिए कमर कसने का आह्वान करते हुए कहा कि दिल्ली जीत गये हैं, अब बिहार की बारी है।

जे.पी.नड्डा ने दिल्ली भाजपा के पूर्वांचल मोर्च की ओर से यहां के अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ स्नेह मिलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता लालू यादव पर तीखा प्रहार किया और कहा कि उनके (श्री यादव के) शासनकाल में बिहार जंगलराज में तब्दील हो गया था। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा आया था कि शाम पांच बजे के बाद लोगों का बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया था। लालू राज ने बिहार को डूबता हुआ बिहार बना दिया था। डॉक्टर, उद्योगपति और अन्य पेशेवर लोग बिहार से पलायन करने लगे थे, लेकिन अब स्थित बदल चुकी है। बिहार विकास के पथ पर अग्रसर है।

उन्होंने कहा कि विश्व को प्रजातंत्र की सीख भी बिहार की भूमि से मिली है। उन्होंने कहा कि दुनिया के किसी भी कोने में जायेंगे, तो मैथिली, मगही या भोजपुरी बोलने वाले मिल जाएंगे। ईमानदारी से अपने काम को करने की ताकत इसी बिहार की धरती के लोगों में हैं।
उन्होंने कहा कि जहाँ पूर्वांचल चल पड़ता है, वहां से देश आगे बढ़ता है। इतिहास इस बात का गवाह है। बिहार चाणक्य की भूमि रही है, तो महात्मा गांधी और लोकनायक का आंदोलन भी बिहार की भूमि से ही शुरू हुआ था।

उन्होंने कहा, “अपने बचपन के दौरान मैंने गंगा किनारे महात्मा गांधी सेतु को बनते हुए देखा है, निर्माण कार्य कई दशकों तक चलता रहा। आज बिहार में गंगा किनारे मरीन ड्राइव बन चुका है। सड़क और रेल के बड़े ब्रिज बन चुके हैं।”

उन्होंने दावा किया कि 2005 में बिहार में ग्रामीण क्षेत्र में सड़क केवल 384 किलोमीटर की थी, लेकिन इस समय एक लाख 12 हजार किमी सड़क बन चुकी है। बिहार में राजमार्ग बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) पटना की सौगात बिहार को दी है। उन्होंने कहा कि श्री लालू से लोग सड़क बनाने की बात करते थे, तो वह कहते थे कि सड़क बन जाएगी तो पुलिस आ जाएगी, ये बेवकूफी ठीक नहीं। उन्होंने कहा कि कभी आपने सोचा था कि पूर्णिया, सारण, सीतामढ़ी, झंझारपुर, सीवान, बक्सर, जमुई जैसे शहरों में मेडिकल कॉलेज खुलेंगे। श्री मोदी के नेतृत्व में पटना में एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल बनने वाला है।

उन्होंने कहा, “भारत के गौरवशाली तथा वैभवशाली प्राचीन इतिहास, संस्कृति और सभ्यता को विश्व से परिचित कराने में बिहार की भूमि का योगदान अतुलनीय है। श्री मोदी के मार्गदर्शन में आज बिहार हर क्षेत्र में सशक्त, समृद्ध और सामर्थ्यवान हो रहा है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार में बिहार की तीव्रगति से हो रही उन्नति यहां के संघर्षशील लोगों के परिश्रम का परिणाम है, इस ध्येय को समर्पित महत्वपूर्ण कार्यक्रम के लिए मैं समस्त बिहारवासियों का अभिनंदन करता हूं।”

उन्होंने कहा कि दिल्ली में पहले अमावस्या का समय था। अंधेरे का माहौल था, जिससे दिल्ली विकास नहीं, विनाश के रास्ते की ओर बढ़ रही था, लेकिन दिल्ली वालों ने भाजपा के नेतृत्व को मौका दिया और अब यह नई दिशा तथा उज्जवल भविष्य की ओर बढ़ने लगी है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा, “दिल्ली हम जीत गए हैं, अब बिहार चुनाव की बारी है।”