दिल्ली में वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंची…

नयी दिल्ली, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) रविवार को 229 के साथ ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच गया। यह जानकारी प्रदूषण निगरानी एजेंसी केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने दी है।
दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के इलाकों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने हाल ही में अपने श्रेणीबद्ध कार्य योजना (ग्रैप) के दूसरे चरण के तहत प्रदूषण नियंत्रण कार्रवाई को वायु गुणवत्ता में कुछ सुधार देखने के बाद रद्द कर दिया था।
अब दिल्ली-एनसीआर में सिर्फ ग्रैप चरण-I के उपाय ही लागू हैं, जबकि एजेंसी ने संबंधित उपाय लागू करने वाली एजेंसियों से एक्यूआई स्तर को और बिगड़ने से रोकने के लिए इन उपायों को तेज करने को कहा है। इस बीच जब एक्यूआई ‘खराब’ श्रेणी में आती है, यानी जब सूचकांक 201-300 के बीच होती है, तो इसके अधिकतर समय तक रहने से ज्यादातर लोगों को सांस लेने में तकलीफ हो सकती है
राष्ट्रीय राजधानी में दिन में आसमान अधिकतर साफ रहा और अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो इस मौसम के औसत से 4.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है।





