दिल्ली सरकार के पास अपनी कोई योजना नहीं : कांग्रेस

नयी दिल्ली, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने बुधवार को चांदनी चौक जिला कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक में प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर हमला बोला और कहा कि उनके पास अपनी कोई योजना नहीं है।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कांग्रेस की ‘लाडली योजना’ को खत्म कर ‘लखपति बिटिया योजना’ शुरू कर यह साबित किया है कि भाजपा के पास अपनी कोई मौलिक योजना नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि एक अप्रैल से लागू होने वाली योजना का 19 फरवरी को लॉन्च और प्रचार कैसे किया जा रहा है, जबकि अभी बजट भी पेश नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा महिलाओं को 2500 मासिक सहायता, 500 रुपये में गैस सिलेंडर और मुफ्त सिलेंडर देने के वादे एक वर्ष बाद भी अधूरे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी की कानून-व्यवस्था बिगड़ चुकी है और महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और परिवहन व्यवस्था चरमराई हुई है तथा महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार विफल रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं से उन्होंने जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार की विफलताओं को उजागर करने का आह्वान किया।





