Breaking News

दूसरे राज्यों के लिए विकास का मॉडल बन गया है उत्तर प्रदेश: CM योगी

मथुरा, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था और उपलब्ध संसाधनों का सही इस्तेमाल के कारण आज उत्तर प्रदेश दूसरे राज्यों के लिए विकास का मॉडल बन रहा है।

मुख्यमंत्री योगी ने प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन के दौरान मथुरा में 822.43 करोड़ लागत की 210 योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करते हुए कहा कि 30 हजार करोड़ की योजनाओं से ब्रज को संवारा जा रहा है। प्रदेश के पास एक लम्बी विरासत है। यहां न केवल राधा और कृष्ण की लीलाएं लोगों को आशीर्वाद देती है बल्कि अयोध्या,काशी के साथ गंगा और यमुना जैसी यहां पवित्र नदियां हैं। सारनाथ बौद्ध धर्म का पावन स्थल है। विश्व का सबसे बड़ा आयोजन प्रयागराज में कुुंभ होता है जिसकी व्यवस्था देखकर विदेशी भी आश्चर्यचकित होते हैं।

उन्होने कहा कि आठ माह पहले प्रदेश की जनता को बहकाने का काम बहुत तेजी से हुआ मगर उन्हें खुशी है कि प्रदेश की जनता ने उसे नकारते हुए भाजपा को प्रचण्ड बहुमत दिया और मथुरा की तो सभी सीटें भाजपा की झोली में आईं। पिछले पांच साल में ब्रज भूमि के तीर्थस्थलों के विकास का जो क्रम चला है उसे आगे बढ़ाने के लिए ऐसे लोगों को लाना है जो विकास के हिमायती हैं।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जहां अन्य देशों केे निर्यात में कमी आई है वहीं उत्तर प्रदेश का निर्यात बढ़ा है। यहां उपलब्ध संसाधनों को बेहतर उपयोग करने के कारण आज उत्तर प्रदेश विकास का मॉडल बन गया है।इसकी गति रूकने न पाए इसलिए किसी के बहकावे में नही आना है।

उन्होंने कहा कि कोविड जैसी महामारी से निपटने के लिए जहां दुनिया के अन्य देश जूझ रहे थे वहीं प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने इस महामारी से निपटने का ऐसा रास्ता दिया जिसमें हर व्यक्ति के पास समय से दवा पहुंच सकी और मुफ्त राशन की सुविधा देने से किसी भी व्यक्ति की भूख से मृत्यु नही हुई। यहां तीर्थयात्रियों के आवागमन के लिए इलेक्टिक बसें चलाई गई हैं।

उन्होने प्रबुद्धजनों से कहा कि ब्रज भूमि के विकास के रथ को और तेजी से बढ़ाने की उनकी जिम्मेदारी है इसके लिए ऐसे लोगों को स्थानीय निकाय के चुनाव में नही जीतने देना है जो विकास की प्रक्रिया में रोड़ा अटकाते हैं।

श्री योगी ने दावा किया कि जिस प्रकार से उत्तर प्रदेश प्रगति कर रहा है उससे लोग आश्चर्यचकित हैं ।मथुरा के सभी तीर्थस्थलों का तेजी से विकास किया जा रहा है और यूपी ब्रज तीर्थ विकास ट्रस्ट इसे बखूबी कर रहा है। विकास को गति देने में स्थानीय निकायों की महती भूमिका है इसलिए इन में ऐसे लोेगों का चयन आवश्यक है जिनकी सोच विकासपरख हो। उन्होंने इस दिशा में नगर निगम मथुरा वृन्दावन का जिक्र किया और कहा कि सहीं लोगों का बोर्ड बनाने के कारण ही मथुरा नगर निगम क्षेत्र का विकास संभव हो सका ।यदि इसकी गति को और तेज करना है तो भाजपा के ऐसे लोगों को लाना होगा जिनकी सोंच सही हो।

स्थानीय विधायकों एवं केन्द्रीय मंत्री एस पी सिंह बघेल की उपस्थिति में उत्तर प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी ने उपस्थित जन समुदाय से कहा कि जिस प्रकार से उन्होंने विधान सभा चुनाव में सभी विधायक भाजपा के चुनकर भेजे इसी प्रकार मथुरा के सभी स्थानीय निकाय एवं नगर निगम के चुनाव में भाजपा को जिताकर वे योगी आदित्यनाथ को भेंट दें जिससे मथुरा का और तेजी से विकास हो।