दृढ़ संकल्प और सही मार्गदर्शन से हर लक्ष्य संभव: ए.के. शर्मा

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि उनका शिक्षा क्षेत्र से गहरा जुड़ाव रहा है और फेस्टिवल जैसे आयोजनों से बच्चों को नई दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षक समर्पण के साथ मार्गदर्शन करें, तो विद्यार्थी किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने प्रेरक उदाहरणों के माध्यम से बच्चों को निरंतर मेहनत करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
सोमवार को सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (सीएमएस), कानपुर रोड परिसर में चिल्ड्रन फिल्म फेस्टिवल का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, फेस्टिवल का उद्घाटन प्रख्यात शिक्षाविद प्रोफेसर गीता गांधी किंगडन ने किया और आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में नगर विकास मंत्री ने स्वच्छता, ऊर्जा संरक्षण और नवीकरणीय ऊर्जा के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने छात्रों से अपने घरों में सोलर ऊर्जा अपनाने का आह्वान किया और कहा कि स्वच्छता अब जनआंदोलन बन चुकी है। उन्होंने बताया कि लखनऊ स्वच्छता रैंकिंग में इस वर्ष तीसरे स्थान पर रहा है और सामूहिक प्रयासों से इसे पहले स्थान तक पहुंचाया जा सकता है।
इस दौरान कार्यक्रम में मुंबई से आईं प्रसिद्ध सिंगर जनाई भोसले और उनके सहयोगी चरनजीत सिंह की उपस्थिति ने आकर्षण बढ़ाया। सांस्कृतिक माहौल के बीच बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
गौरतलब है कि यह फिल्म फेस्टिवल एक सप्ताह तक चलेगा, जिसमें देश-विदेश से प्राप्त लगभग 3000 से 3500 फिल्मों में से चयनित 250 से 300 उत्कृष्ट फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य बच्चों के दृष्टिकोण को व्यापक बनाना और उन्हें वैश्विक विषयों से जोड़ना है।





