Breaking News

देवरहवा बाबा आश्रम से भेजें ग‌ए चांदी बर्तन में प्रभु राम को भोग लगाएंगे PM मोदी

मिर्जापुर, मिर्जापुर के विंध्य पर्वत पर स्थित देवरहवा बाबा आश्रम इन दिनों चर्चा में है। अयोध्या में भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, आर‌एस‌एस प्रमुख मोहन भागवत सहित सात प्रमुख लोग देवरहवा बाबा आश्रम से भेजे ग‌ए लड्डू का भोग प्रभु राम मां जानकी को लगाएंगे। इसके लिए सात चांदी की विशेष थाली भी आश्रम से अयोध्या के लिए भेजी गई है।

दरअसल, देवरहवा बाबा आश्रम राम मंदिर निर्माण को लेकर हमेशा सक्रिय भूमिका में रहा है। जिले के महुआरी गांव में विंध्य पर्वत स्थित इस आश्रम में शायद ही विश्व हिन्दू परिषद और आर‌एस‌एस का बड़ा नेता या पदाधिकारी रहा हो न गया हो। विहिप के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष अशोक सिंघल का तो यह दूसरा घर ही माना जाता रहा है। संघ प्रमुख मोहन भागवत तो साल में दो बार यहां आते रहते हैं। वे जब भी यहां आते है, रात विश्राम कर हनुमान जी का पूजन कर इक्कावन मन लड्डू का भोग लगाते हैं। संघ की बड़ी बैठक इसी आश्रम में होती है। गुप्त मीटिंग की भी चर्चा गाहे-बगाहे मीडिया में आती रही है।

आश्रम के प्रमुख ए के सक्सेना ने बताया कि आश्रम से 45 हजार किलोग्राम लड्डू अयोध्या धाम भेजा गया है। साथ ही चांदी के बर्तन पुस्तक और आश्रम के झोले भी ट्रक और छोटे वाहनों से रवाना किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आर‌एस‌एस प्रमुख मोहन भागवत उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आंनन्दी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आदि लोग चांदी की थाली में प्रभु राम मां जानकी को भोग लगाएंगे। सक्सेना ने बताया कि लड्डुओं की तैयारी के लिए कारीगर 15 दिन पहले से लगे हुए हैं। शुद्ध देसी घी और बेसन से बनाया जा रहा है।