Breaking News

देश के दिग्गज खेल पत्रकार हरपाल सिंह बेदी का निधन

नयी दिल्ली, देश के जाने माने वरिष्ठ खेल पत्रकार और न्यूज एजेंसी यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया (यूएनआई) के खेल संपादक के पद पर रहे हरपाल सिंह बेदी का शनिवार को यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 73 वर्ष के थे।

परिजनो के अनुसार श्री बेदी पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे और उन्हे अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां आज सुबह उन्हँने अंतिम सांस ली। श्री बेदी लगभग 31 साल की सेवा पूरी करने के बाद अप्रैल 2011 में यूएनआई से सेवानिवृत्त हुये थे जिसके बाद उन्होंने समाचार पत्र स्टेट्समैन में बतौर सलाहकार संपादक के तौर पर अपनी सेवायें दी।
उनके परिवार में पत्नी रेवती और बेटी पल्लवी हैं।

उन्होंने अपने करियर में आठ ओलंपिक खेलों के अलावा कई एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेलों के कई सत्र को ऑन ग्राउंड कवर किया। उन्होंने इसके साथ ही क्रिकेट और हॉकी के विश्व कप और एथलेटिक्स और अन्य प्रमुख ओलंपिक खेलों की विश्व और राष्ट्रीय चैंपियनशिप को भी कवर किया था।

हॉकी इंडिया समेत कई खेल संस्थाओं और खेल शख्सियतों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। श्री बेदी का अंतिम संस्कार आज शाम किया जा रहा है।

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में छात्र जीवन से ही श्री बेदी के करीबी मित्र रहे विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अनुभवी पत्रकार के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होने एक्स पर पोस्ट किया “पहली पीढ़ी के जेएनयूवासियों के लिए विशेष रूप से दुखद दिन। हमारे समय के दिग्गज हरपाल सिंह बेदी का आज सुबह निधन हो गया। उसके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।”

प्रेस क्लब आफ इंडिया ने कहा, “हम अनुभवी पत्रकार और यूनाइटेड न्यूज ऑफ इंडिया के पूर्व खेल संपादक हरपाल सिंह बेदी के निधन से स्तब्ध और निराश हैं। वह प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के नियमित आगंतुक थे। भगवान परिवार और दोस्तों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दे।”

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, “ बहुत सम्मानित खेल पत्रकार और भारतीय हॉकी के बड़े समर्थक हरपाल सिंह बेदी के निधन से मुझे गहरा सदमा लगा है। यह भारत में खेल पत्रकार बिरादरी के लिए एक दुखद दिन है और मैं उनके परिवार और दोस्तों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं। हॉकी इंडिया उनका दुख साझा करता है।”

ओलंपिक कांस्य विजेता मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने बेदी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ने सोशल मीडिया पेज पर पोस्ट किया, खेल पत्रकारों में सबसे हंसमुख हरपाल सिंह बेदी जी अब हमारे बीच नहीं हैं। उनकी आत्मा को शांति मिले।

खेल पत्रकार बेदी को पूर्व भारतीय स्पिनर बिशन सिंह बेदी को बहुत करीबी मित्र के रूप में भी जाना जाता था। श्री बेदी की हॉकी में बहुत रूचि थी।