Breaking News

देश के सबसे बडे अखबार मालिक का निधन, प्रधानमंत्री ने जताया शोक  

अहमदाबाद, देश के अग्रणी हिन्दी समाचार पत्र दैनिक भास्कर का प्रकाशन करने वाले दैनिक भास्कर समूह के चेयरमैन रमेशचंद अग्रवाल का आज  दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। सूत्रों के अनुसार, रमेश चंद्र अग्रवाल ;73 की तबीयत उस समय बिगड़ी जब वह राजकोट जाने के लिए सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे । उन्हें तत्काल अपोलो अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने पूर्वाह्न लगभग 11 बजे अंतिम सांस ली। उनके परिवार में तीन पुत्र सुधीर अग्रवाल, गिरीश अग्रवाल और पवन अग्रवाल हैं। उनकी अंत्येष्टि उनके गृहनगर भोपाल में कल सुबह की जाएगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री अग्रवाल के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, रमेश चंद्र अग्रवाल जी के निधन से दुखी हूं। मीडिया जगत में उनके उल्लेखनीय योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों के साथ हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणीए उपमुख्यमंत्री नीतिन पटेलए गृह राज्य मंत्री प्रदीप सिंह जाडेजा ने श्री अग्रवाल के निधन का समाचार मिलने पर अस्पताल जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

रमेश चंद्र अग्रवाल करीब 42 साल से मीडिया जगत से जुड़े हुए थे। उनके नेतृत्व में दैनिक भास्कर देश का शीर्ष अखबार बन गया। वर्ष 1995 में मध्य प्रदेश में भास्कर का प्रभुत्व स्थापित हुआ जिसके बाद दूसरे राज्यों और हिंदी के अलावा क्षेत्रीय भाषाओं में भी अखबार का प्रकाशन शुरू किया गया। उनकी अगुवाई में पहली बार कोई हिंदी दैनिक देश का सबसे अधिक पढ़ा जाने वाला समाचार पत्र बना। भोपाल विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में एम ए करने वाले श्री अग्रवाल को मीडिया के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए राजीव गांधी लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। उन्हें वर्ष 2012 में फोर्ब्स ने देश सबसे अमीर लोगों की सूची में 95 वें स्थान पर रखा था।