देश को मजबूत और खुशहाल बनाने का संकल्प लेने का दिन : अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर पार्टी के राज्य मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर सैकड़ों कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।

सभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आज संकल्प लेने का दिन है कि देश को मजबूत और खुशहाल बनाया जाए। उन्होंने भगत सिंह से लेकर महात्मा गांधी तक के बलिदान को याद करते हुए कहा कि इन्हीं कुर्बानियों से देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि संविधान हमें जो रास्ता दिखाता है, उसी पर चलना होगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि तमाम विकास के दावों के बावजूद किसान परेशान है, महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है तथा आम लोगों को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं। अंतरराष्ट्रीय हालात का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दुनिया में युद्ध और अस्थिरता सामान्य होती जा रही है और ऐसे माहौल में जनता को जीने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

उन्होंने प्रदूषण और जल संकट पर चिंता जताते हुए कहा कि देश की लगभग 70 नदियों का पानी खतरनाक स्तर तक प्रदूषित हो चुका है, जिसमें यूरेनियम, आर्सेनिक और मर्करी जैसे तत्व पाए जा रहे हैं। औद्योगिक कचरा नदियों में छोड़ा जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि निजी अस्पतालों में इलाज पैसे पर निर्भर हो गया है।

अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों की आय दुगनी नहीं हुई, बल्कि उनकी पैदावार से मुनाफा कमाने वाले बिचौलिये पैदा हो गए हैं। उन्होंने विदेशी उत्पादों की बढ़ती आमद पर भी सवाल उठाए और आत्मनिर्भर भारत के दावों को खोखला बताया।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पौराणिक धरोहरों को संरक्षित करने के बजाय नुकसान पहुंचा रही है। साथ ही कहा कि एसआईआर के बहाने एनआरसी लाने की तैयारी की जा रही है, जिससे मतदाताओं के अधिकार और नागरिकता पर संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने कहा कि वोट से नागरिकता तय होती है और मतदान से वंचित होने पर नागरिकता पर सवाल खड़े होंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर नागरिक का मतदान अधिकार सुरक्षित रहना चाहिए और सरकार को संविधान की मूल भावना के अनुरूप काम करना चाहिए।

Related Articles

Back to top button