Breaking News

देश भर में 170.87 करोड़ कोरोना टीके लगे

नयी दिल्ली, देश भर में पिछले 24 घंटे में 53 लाख से अधिक कोविड टीके लगाये गये हैं। इसके साथ ही कुल टीकाकरण 170.87 करोड़ से अधिक हो गया है।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को यहां बताया कि पिछले 24 घंटे में देश में 53 लाख 61 हजार 99 कोविड टीके लगाये गये हैं। इसके साथ ही आज सुबह सात बजे तक 170 करोड़ 87 लाख छह हजार 705 कोविड टीके दिये जा चुके हैं।

मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटों में कोविड संक्रमण के 71,365 नये मरीज सामने आये हैं। इनके साथ ही देश में कोरोना रोगियों की संख्या आठ लाख 92 हजार 828 हो गयी है। यह संक्रमित मामलों का 2.11 प्रतिशत है। दैनिक संक्रमण दर 7.57 प्रतिशत हो गयी है।मंत्रालय ने बताया कि इसी अवधि में एक लाख 72 हजार 211 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। अभी तक कुल चार करोड़ 10 लाख 12 हजार 869 लोग कोविड से उबर चुके हैं। स्वस्थ होने की दर 96.70 प्रतिशत है।

देश में पिछले 24 घंटे में 15 लाख 71 हजार 726 कोविड परीक्षण किए गये हैं। इसके साथ ही कुल परीक्षणों की संख्या बढ़कर 74 करोड़ 46 लाख 84 हजार 750 हो गयी है।