Breaking News

धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण रथयात्रा महोत्सव

देवबंद (सहारनपुर), उत्तर प्रदेश में सहारनपुर के देवबंद नगर में रविवार को श्रीकृष्ण रथ यात्रा महोत्सव अभूतपूर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया।

रथयात्रा की शुरूआत आज स्थानीय प्रतिनिधि लोक निर्माण राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह द्वारा विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना के साथ हुई, उन्होंने रथों पर धर्म-ध्वज की स्थापना की। यहां से स्वर्ण रथ और लड्डू गोपाल रथों के रवाना होनेे पर स्वर्ण रथ पर सारथी की भूमिका में बृजेश सिंह स्वर्ण रथ पर सवार हुए। मंदिर श्री ठाकुरद्वारा पर कुछ घंटों के विश्राम के बाद रथ पर श्रीकृष्ण और पंडित विजेंद्र प्रसाद, भगवान श्रीकृष्ण और राधाजी की प्रतिमूर्तियों के साथ विराजमान हुए। यहां से स्वर्ण रथ पर सारथी की भूमिका प्रवीन कुमार आदित्य धीमान ने संभाली।

इस जुलूस का आयोजन श्री पंचायती ठाकुरद्वारा सभा ने किया। प्रशासन ने आयोजकों के आग्रह पर रविवार के साप्ताहिक अवकाश से मुक्त कराकर बाजारों के आज खुलने की घोषणा की थी। नगर में अनेक स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और शीतल जल की व्यवस्था की हुई थी। यह नगर देश के अति संवेदनशील नगरों में आता है और जुलूस के लंबे मार्ग पर अनेक मस्जिदें पडती है इसलिए पुलिस, पीएसी की टुकडियां जुलूस में शामिल रही। स्थान-स्थान पर पुलिस की पिकेट लगाई गई।

एसडीएम दीपक कुमार, सीओ रामकरण, पुलिस निरीक्षक प्रभाकर कैंतुरा, व्यवस्था की देखरेख में रहे। देवीकुंड के मैदान पर भगवान श्रीकृष्ण द्वारा कंस वध की लीला का मंचन किया गया और बाद में कंस का पुतला दहन हुआ। इस बार दोनो रथों पर अपनी सेवाएं देने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ-चढकर बोलियां लगाई।

महामंत्री अशोक गुप्ता ने बताया कि इस बार पिछले वर्षों की तुलना में अधिक धनराशि यानि चार लाख 83 हजार रूपए की धनराशि मंदिर समिति को प्राप्त हुए। जुलूस में तीन बैंडबाजे, अनेक मनोरम झांकिया और अखाडे शामिल रहे। मौसम अच्छा रहने व विद्युत व्यवस्था और साफ-सफाई के बेहतर इंतजाम के चलते देवबंद के इस मुख्य वार्षिक समारोह में हजारों लोगों ने हर्षोल्लास के साथ भागेदारी कर आयोजन को सफल बनाया।