नकारात्मक राजनीति भाजपा की पहचान: अखिलेश यादव

फर्रुखाबाद, समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि नकारात्मक राजनीति भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पहचान बन चुकी है।

अखिलेश यादव ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि भाजपा चाहती है कि एक धर्म के लोग दूसरे धर्म के लोगों से लड़े और जातियों के बीच संघर्ष हो। नकारात्मक राजनीति करना ही भाजपा का तरीका है। भाजपा के एक तरफा फैसला लेने से, जनमानस को न्याय नहीं मिलता और इसी तरह के फैसला लगातार लिए जा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया “ नीति घोषित और अघोषित होती हैं, भाजपा इमरजेंसी की याद करती है तो हमें अभी इस समय जो अघोषित इमरजेंसी चल रही है उसे भी ध्यान में रखना चाहिए, आज की परिस्थितियां ऐसी है कि सच लिखने में पाबंदी है। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। हम सबको याद होगा कि अटल जी ने आवाहन किया था कि भ्रष्टाचार, महंगाई, चरम सीमा के मामले को लेकर संपूर्ण क्रांति आंदोलन चलाया। आज महंगाई भ्रष्टाचार,अन्याय चरम सीमा पर पहुंच गये,जिसमें अघोषित इमरजेंसी शामिल है।”

सपा अध्यक्ष ने कहा कि आज अघोषित इमरजेंसी में ऐसी घटनाएं हो रही हैं जो घोषित इमरजेंसी में नहीं हुई, ऐसे में भाजपा आज की अघोषित इमरजेंसी की खुशियां कब मनाएगी। बेरोजगारी भ्रष्टाचार पर भाजपा कोई बहस नहीं करेगी।

इटावा के एक प्रकरण पर उन्होंने कहा कि कथा भागवत सुनने का हमें अधिकार है तो कहने का क्यों नहीं। इस घटना को सोची समझी साजिश एवं षड्यंत्र बताते हुए अखिलेश  यादव ने आरोप लगाते हुए कहा कि भागवत सुनने और कहने पर भाजपा को कानून बनाना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की विचारधारा अंग्रेजों ने बनाई और भाजपा सरकार अंग्रेजों के कानून के अनुसार चल रही है। इस अवसर पर सपा जिला अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव तथा सपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button