अहमदाबाद, रक्षा मंत्री और भाजपा नेता निर्मला सीतारमण ने सोशल मीडिया पर विकास के गुजरात मॉडल का मजाक उड़ाये जाने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि विपक्ष को विकास को गंभीरता से लेना चाहिए और इसे कतई भी कमजोर नहीं करना चाहिए।
समाचार चैनल द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में गुजरात में भाजपा के चुनाव अभियान की सह प्रभारी सीतारमण ने कहा कि वह विपक्ष द्वारा गुजरात मॉडल का उपहास उड़ाये जाने से निराश हैं। उन्होंने कहा, विकास का गुजरात मॉडल आजमाया और परखा गया मॉडल है और कई अन्य राज्यों में इसे दोहराया गया है।
कांग्रेस अब जानबूझकर या अनजाने में विकास को कमजोर कर रही है। मैं विकास के खिलाफ कांग्रेस द्वारा चलाये जा रहे अभियान से निराश हूं। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला के साथ टेलीविजन पर एक बहस कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री ने पूरे देश में स्वीकार किये गये विकास मॉडल का मजाक बनाने के लिए विपक्षी पार्टी पर आरोप लगाया।