नोएडा के डीएलएफ मॉल में ज्वैलरी शोरूम से 20 लाख की चोरी मामले में मां-बेटी गिरफ्तार

नोएडा,  उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर-20 थाना पुलिस ने डीएलएफ मॉल स्थित ज्वैलरी शोरूम में हुई लाखों की चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए मां-बेटी की जोड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्ताओं के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये के चोरी किए गए आभूषण और घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद की है।

पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी कि 23 अप्रैल को मॉल ऑफ इंडिया स्थित कैरटलैन ज्वैलरी स्टोर के मैनेजर ने सेक्टर 20 थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि शोरूम से महंगे आभूषण चोरी हो गए हैं। इस मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया। इसके बाद 29 अप्रैल को पुलिस टीम ने डीएलएफ मॉल के पास से दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्ताओं की पहचान रिद्धि उर्फ रचना (उम्र करीब 30 वर्ष) और उसकी मां सरिता गौतम (उम्र करीब 56 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों दिल्ली के महेन्द्रा पार्क क्षेत्र की निवासी हैं।

पुलिस द्वारा अभियुक्ताओं के कब्जे से चोरी किए गए आभूषण बरामद किए गए हैं, जिनमें दो पीली धातु की चूड़ियां, एक पीली व सफेद धातु की चूड़ी, चार ब्रेसलेट और तीन अंगूठियां शामिल हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल की गई आई-10 कार (नंबर DL6CR7363) भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों अभियुक्ताएं पहले भी चोरी के मामलों में शामिल रही हैं। इनके खिलाफ दिल्ली के विभिन्न थानों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हो सकते हैं। साथ ही अन्य संभावित वारदातों के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button