नोएडा जिला अस्पताल में उमड़ी मरीजों की भीड़, एक दिन में 3600 से अधिक ओपीडी मरीजों का इलाज

नोएडा, उत्तर प्रदेश के नोएडा सेक्टर 39 स्थित जिला अस्पताल में मंगलवार को मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली। बदलते मौसम और डॉग बाइट के बढ़ते मामलों के चलते बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे।
मंगलवार को अस्पताल प्रशासन द्वारा सूची जारी कर जानकारी दी गई। जहां उन्होंने बताया जिला अस्पताल में मंगलवार को ओपीडी में तीन हजार छह सौ अधिक मरीजों ने उपचार कराया, जबकि दो हजार चार सौ पचास से अधिक मरीजों का आभा (एबीएचए) स्कैन किया गया।
अस्पताल के आपातकालीन विभाग में भी पूरे दिन मरीजों की आवाजाही बनी रही। जिसमें चार सौ तेरह आपात और विशेष मामलों का इलाज किया गया। इनमें डॉग बाइट के साढ़े तीन सौ सबसे अधिक मामले रहे, जो चिंता का विषय है। इसके अलावा मेडिकोलीगल (पुलिस) के छह मामले, आरएचसी के दो मामले और अन्य 53 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। राहत की बात यह रही कि दिनभर में सड़क दुर्घटना (आरटीए) का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ।
जिला अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर में भी दिनभर सर्जरी का सिलसिला जारी रहा। अस्पताल में दो सिजेरियन ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए गए, जबकि ग्यारह आंखों के ऑपरेशन संपन्न हुए। इसके अलावा जनरल ओटी में आठ माइनर और नौ मेजर ऑपरेशन किए गए।
डॉक्टरों ने बताया अस्पताल में आने वाले मरीजों में बुखार, सर्दी-जुकाम, एलर्जी और त्वचा संबंधी समस्याओं के मरीजों की संख्या भी बढ़ी है, जो मौसम में बदलाव के कारण हो सकता है।
अस्पताल में एक ही दिन में साढ़े तीन सौ से अधिक डॉग बाइट के मामले सामने आना स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का विषय है। डॉक्टरों का कहना है कि ऐसे मामलों में तुरंत अस्पताल पहुंचकर एंटी-रेबीज वैक्सीन लगवाना बेहद जरूरी है। साथ ही लोगों को आवारा कुत्तों से दूरी बनाए रखने और बच्चों को सतर्क रखने की सलाह दी गई है।
मरीजों की बड़ी संख्या के बावजूद डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों ने सभी मरीजों को समय पर इलाज उपलब्ध कराने का प्रयास किया। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि ओपीडी और इमरजेंसी में अतिरिक्त स्टाफ की मदद से व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा गया।
अस्पताल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी स्वास्थ्य समस्या के मामले में समय पर अस्पताल पहुंचें और चिकित्सकों की सलाह का पालन करें, ताकि गंभीर स्थितियों से बचा जा सके।





