न्यूड फोटो वायरल करने की धमकी देने वाले चार साइबर ठग गिरफ्तार

सोनभद्र, फर्जी सीबीआई अधिकारी बनकर लोगों को डराने, गाली-गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और एआई तकनीक से न्यूड फोटो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर वसूली करने वाले गिरोह का सोनभद्र पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कानपुर नगर से इस संगठित साइबर गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मंगलवार को बताया कि म्योरपुर थाना क्षेत्र की निवासी सुषमा गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर फोन पर धमकाया, धन की मांग की और पैसे न देने पर अश्लील फोटो वायरल करने व मोबाइल हैक करने की धमकी दी। मामले में आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच साइबर क्राइम थाना को सौंपी गई। जांच के दौरान निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार चौधरी के नेतृत्व में टीम ने कानपुर में छापेमारी कर गिरोह का खुलासा किया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गरीब लोगों के नाम पर सिम कार्ड हासिल कर उन्हें साइबर अपराध में इस्तेमाल करते थे। एआई तकनीक से फर्जी न्यूड फोटो तैयार कर ब्लैकमेलिंग की जाती थी। ब्लॉक नंबरों को गुमशुदगी दिखाकर दोबारा सक्रिय कर अपराध में प्रयोग किया जाता था। पुलिस ने 23 वर्षीय सुरेन्द्र कुमार, 24 वर्षीय गोलू राजपूत, 24 वर्षीय मो. जुनैद और 26 वर्षीय अनुराग सिंह को गिरफ्तार कर उनके पास से सात मोबाइल फोन, आधार-पैन कार्ड और विभिन्न बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह अब तक 100 से अधिक सिम कार्डों के जरिए देशभर में ठगी कर चुका है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button