Breaking News

न संगठन, न सरकार, बड़ा होता है जन कल्याण : अखिलेश यादव

लखनऊ,  समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के संगठन के सरकार से बड़े होने संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये शुक्रवार को कहा कि न संगठन बड़ा होता है और न ही सरकार बड़ी होती है, सबसे बड़ा होता है जनता का कल्याण।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “ दरअसल संगठन और सरकार तो बस साधन होते हैं, लोकतंत्र में साध्य तो जनसेवा ही होती है। जो साधन की श्रेष्ठता के झगड़े में उलझे हैं, वे सत्ता और पद के भोग के लालच में हैं, उन्हें जनता की कोई परवाह नहीं है। भाजपाई सत्तान्मुखी है, सेवान्मुखी नहीं! ”

उल्लेखनीय है कि हाल ही में श्री मौर्य ने लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश में खराब प्रदर्शन के परिप्रेक्ष्य में पार्टी के कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाते हुये कहा था कि संगठन सरकार से बड़ा होता है।