पंचायत चुनाव में देरी को लेकर सपा का प्रदर्शन

लखनऊ, उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर जारी सस्पेंस के बीच राजधानी का सियासी माहौल शनिवार को गरमा गया। समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने चुनाव में हो रही देरी के विरोध में हजरतगंज चौराहा पर जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पोस्टर-बैनर लेकर सड़कों पर उतरे और शीघ्र चुनाव कराने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “पंचायत चुनाव लेट हुआ, भाजपा पूरी तरह फेल” जैसे नारों वाले पोस्टर लहराते हुए सरकार के प्रति आक्रोश जताया। सपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सरकार जानबूझकर पंचायत चुनाव में देरी कर रही है, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
राजधानी के व्यस्त हजरतगंज क्षेत्र में हुए इस प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को संभालते हुए यातायात को जल्द सुचारु करा दिया। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे और प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पंचायत चुनाव निर्धारित समय पर कराए जाएं और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही किसी भी प्रकार की धांधली पर रोक लगाने की भी बात कही गई। सपा नेताओं का कहना है कि सरकार चुनाव से बचने के लिए बहाने बना रही है और यह देरी राजनीतिक लाभ के उद्देश्य से की जा रही है, जो लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है। सपा कार्यकर्ताओं ने भी इसी मुद्दे को उठाते हुए समय पर चुनाव कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। सपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पंचायत चुनाव की घोषणा नहीं की गई, तो उनका आंदोलन और तेज किया जाएगा तथा जरूरत पड़ने पर प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।




