पंजाब में आम आदमी पार्टी को रुझानों में बढ़त

चंडीगढ़, पंजाब विधानसभा की 117 सीटों में से सभी के प्रारंभिक रुझान सामने आ गये हैं जिनमें आम आदमी पार्टी 88 सीटों पर आगे चल रही है जबकि कांग्रेस 13 और भारतीय जनता पार्टी पांच और शिरोमणि अकाली दल आठ और बहुजन समाज पार्टी दो सीटें बढ़त बनाये हुए है।

चुनाव आयोग के अनुसार राज्य की लगभग सभी प्रमुख पार्टियों के नेता रुझानों में अपने प्रतिद्वंद्वियों से पीछे चल रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और पंजाब लोक कांग्रेस नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह, अकाली दल के नेता प्रकाश सिंह बादल और बीबी जागीर कौर, मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भाई मनोहर सिंह पीछे चल रहे हैं।

पंजाब विधानसभा के लिये गत 20 फरवरी को हुये चुनावों की मतगणना गुरुवार सुबह आठ बजे शुरू हो गई जिसमें 1304 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होने जा रहा है। मतगणना राज्य में 66 जगहों पर 117 केंद्रों पर हो रही है। मतगणना के लिये सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये गये हैं जिसमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 45 कम्पनियां और राज्य पुलिसकर्मी तैनात किये गये हैं। लगभग 7500 कर्मचारी मतगणना कार्य पूरा करेंगे।

सत्तारूढ़ कांग्रेस के अलावा विपक्षी आम आदमी पार्टी और संयुक्त समाज मोर्चा (एसएसएम) ने सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ा है। इनके अलावा शिरोमणि अकाली दल (शिअद) 97 और उसकी गठबंधन सहयोगी 20, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 68 और उसकी गठबंधन सहयोगी पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह नेतृत्व वाली पंजाब लोक कांग्रेस (पीएलसी) 34 तथा शिअद (संयुक्त) ने 15 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे। इस बार के चुनाव में शिअद ने भाजपा से नाता तोड़ कर बसपा से गठबंधन किया है। कैप्टन अमरिंदर सिंह भी कांग्रेस के अलग होकर भाजपा के साथ मिल कर चुनाव लड़ा।

चुनाव में इस बार अनेक दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। इनमें नौ हॉट सीट हैं। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी (चमकौर साहिब और भदौर विधानसभा क्षेत्र), उप-मुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी (अमृतसर मध्य), उप-मुख्यमंत्री सुखजिंदर रंधावा (डेरा बाबा नानक ), पूर्व मुख्यमंत्री और शिअद नेता प्रकाश सिंह बादल (लम्बी), सुखबीर सिंह बादल (जलालाबाद) पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह (पटियाला शहरी), आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत सिंह मान(धूरी) और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू (अमृतसर पूर्व) मैदान में हैं। इनके अलावा एसएसएम और किसान नेता बलबीर राजेवाल समराला सीट से चुनाव मैदान में हैं। इनके अलावा राज्य के अन्य कैबिनेट मंत्री मनप्रीत सिंह बादल, परगट सिंह, भरत भूषण आशू, ब्रह्म मोहिंद्रा, तृप्त रजिंदर सिंह बाजवा तथा अन्य भी चुनाव मैदान में हैं। अभिनेता सोनू सूद की बहन मालविका सूद भी मोगा से चुनाव लड़ा है।

श्री चन्नी चमकौर साहिब से तीन बार लगातार विधायक रहे हैं। कांग्रेस ने इस बार उन्हें भदौर (सुरक्षित) सीट से भी चुनाव में उतारा हैं। अमृतसर (पूर्व) में सिद्धू के खिलाफ शिअद के तेज तर्रार नेता बिक्रम मजीठिया ने ताल ठोंकी है और यहां मुकाबला बेहद दिलचस्प होने जा रहा है।

दोनों नेता अब तक कोई विधानसभा चुनाव नहीं हारे हैं लेकिन इस बार आमने सामने होने पर इनमें से एक ही हार निश्चित है। श्री प्रकाश सिंह बादल (95) इस चुनाव में सबसे बुजुर्ग उम्मीदवार हैं।

इस चुनाव में जिन 1304 प्रत्याशियों की राजनीतिक किस्मत का फैसला होने जा रहा है, उनमें 231 राष्ट्रीय दलों के, 250 प्रांतीय दलों के, 362 गैर मान्यता प्राप्त दलों के और 462 निर्दलीय हैं। इनमें 1209 पुरुष, 93 महिलायें और दो ट्रांसजेंडर हैं।

Related Articles

Back to top button