पटना में कांग्रेस मुख्यालय पर हमला भाजपा के डर और बौखलाहट का परिणाम: अजय राय

वाराणसी, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने पटना स्थित सदाकत आश्रम (बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय) पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए हमले को डर और बौखलाहट का परिणाम बताया। शनिवार को वाराणसी के लहुराबीर स्थित अपने कार्यालय में काली पट्टी बांधकर इस घटना का उन्होंने विरोध किया।

अजय राय ने कहा कि इस हमले में कई कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गए। उन्होंने बताया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की “वोटर अधिकार यात्रा” को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है, जिससे भाजपा असहज हो गई है। बौखलाहट में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिंसक रवैया अपनाया और कांग्रेस के लोकतांत्रिक आंदोलन को दबाने की असफल कोशिश की।

इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए उन्होने कहा, “बिहार में कांग्रेस मुख्यालय पर हमला भाजपा की डर और बौखलाहट का परिणाम है। सत्य के लिए लड़ना हमेशा कठिन होता है, क्योंकि सत्य साहस और शांति के साथ लड़ता है, जबकि असत्य छल और हिंसा का सहारा लेता है। भाजपा ने हिंसा का रास्ता चुना और हमारे कार्यकर्ताओं को लहूलुहान किया। यह हमला बिहार की धरती पर लोकतंत्र पर हमला है।”

Related Articles

Back to top button