पश्चिमी हिमालय में ग्लेशियर पिघलने से बढ़ा बाढ़ का खतरा

लखनऊ, लखनऊ विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने एक नए अध्ययन में पश्चिमी हिमालय में ग्लेशियरों के तेजी से पिघलने और ग्लेशियल झीलों के विस्तार को लेकर गंभीर चेतावनी दी गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि इसके पिघलने से बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। जिसके लिए सरकार की तरफ से निगरानी की आवश्यकता है।

इस शोध को लखनऊ विश्वविद्यालय के भू विज्ञान विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. विनीत कुमार एवं पूर्व वैज्ञानिक-डी, वाडिया इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन जियोलॉजी ने किया है। उनके साथ डॉ. मनीष मेहता तथा डॉ. अजय सिंह राणा भी शामिल रहे। इस शोध अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठित जर्नल ‘प्रोग्रेस इन फिजिकल जियोग्राफी :अर्थ एंड इनवायरमेंट’ में प्रकाशित किया गया है।

अध्ययन में ज़ांस्कर के पदम घाटी स्थित पदम ग्लेशियर का अध्ययन किया गया तथा इसकी तुलना निकटवर्ती नातियो नाला ग्लेशियर से की गई। वैज्ञानिकों ने पाया कि झील से जुड़े पदम ग्लेशियर का क्षरण, भूमि-आधारित नालियों, नाला ग्लेशियर की तुलना में कहीं अधिक तेज़ी से हो रहा है। इतना ही नही 1993 से 2022 के बीच पदम ग्लेशियर के पीछे हटने को भी पाया गया।

शोध में कहा गया है कि जिसके परिणामस्वरूप इसके क्षेत्रफल में बड़ी कमी आई, जबकि नातियो नाला ग्लेशियर में अपेक्षाकृत धीमे परिवर्तन देखे गए। अध्ययन का एक महत्वपूर्ण निष्कर्ष यह है कि पदम ग्लेशियर के अग्रभाग पर स्थित ग्लेशियल झील (पदम झील) का आकार लगभग 69 फीसद तक बढ़ गया है।

शोधकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि इस प्रकार तेजी से बढ़ने वाली झीलें ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लो का जोखिम बढ़ाती हैं, जो अचानक आने वाली बाढ़ होती हैं और निचले क्षेत्रों में भारी विनाश का कारण बन सकती हैं।अध्ययन में यह भी पाया गया कि दोनों ग्लेशियरों की गति धीमी हो रही है तथा वे बर्फ खो रहे हैं, हालांकि झील से जुड़े और भूमि-आधारित ग्लेशियरों के व्यवहार में अंतर देखा गया।

डॉ. विनीत कुमार के अनुसार, ये निष्कर्ष हिमालयी ग्लेशियरों पर जलवायु परिवर्तन के गंभीर प्रभाव को दर्शाते हैं। उन्होंने संभावित जोखिमों को कम करने के लिए ग्लेशियरों और ग्लेशियल झीलों की निरंतर निगरानी की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह हिमालयी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए एक बड़ी चेतावनी है, क्योंकि भविष्य में ऐसे प्राकृतिक खतरों की तीव्रता बढ़ सकती है।

Related Articles

Back to top button