पहले यूपी को अंधेरे में रखा गया, हमने उजाले की राह दिखाई : मुख्यमंत्री योगी

टोक्यो/लखनऊ, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापान की राजधानी टोक्यो में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश में हुए बदलावों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में सड़क, बिजली और कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी, क्योंकि “जिनकी प्रवृत्ति डकैती की थी, उन्होंने प्रदेश को अंधेरे में रखा।” उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने उत्तर प्रदेश को भय और भ्रष्टाचार से मुक्त कर उजाले की राह पर आगे बढ़ाया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले यूपी की पहचान दंगा, कर्फ्यू और अव्यवस्था से होती थी, लेकिन आज दीपोत्सव, महाकुंभ और वैश्विक निवेश जैसे सकारात्मक आयोजनों से प्रदेश की नई पहचान बनी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की, कनेक्टिविटी बेहतर की और कानून-व्यवस्था मजबूत की, जिससे निवेश का अनुकूल माहौल तैयार हुआ।

उन्होंने बताया कि आज दुनिया भर के निवेशक उत्तर प्रदेश में सेमीकंडक्टर, डाटा सेंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्रीन हाइड्रोजन, लॉजिस्टिक्स पार्क और अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट जैसे क्षेत्रों में निवेश कर रहे हैं। यह बदलाव प्रदेश की नई विकास यात्रा को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री योगी ने अयोध्या में दीपोत्सव, काशी में देव दीपावली और मथुरा-वृंदावन में रंगोत्सव को सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ और अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक शक्ति का प्रमाण हैं।

मुख्यमंत्री ने जापान में रह रहे भारतीय समुदाय से भारत और जापान के विकास में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत विश्व को मैत्री और करुणा का मार्ग दिखाने की क्षमता रखता है और विश्व के किसी भी कोने में भारतीय मूल के लोगों के साथ भारत हमेशा खड़ा रहता है।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया और प्रवासी भारतीयों ने ‘योगी-योगी’ के नारों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button