Breaking News

पाकिस्तान ने किया संघर्षविराम का उल्लंघन, सेना के जवान समेत तीन मारे गए

जम्मू, पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा जम्मू संभाग में अंतरराष्ट्रीय सीमा  और नियंत्रण रेखा  पर की जा रही गोलीबारी के आज तीसरे दिन सेना के एक जवान समेत तीन लोग मारे गए तथा छह अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तीन दिनों में हुए संघर्षविराम उल्लंघन में अब तक नौ लोग मारे गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि पुंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में सीमा पार से की गई गोलीबारी में सेना का एक जवान शहीद हो गया। एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि मारे गए सैनिक की पहचान सिपाही मनदीप सिंह  के रूप में हुई है। वह पंजाब में संगरूर के आलमपुर गांव के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने बिना किसी उकसावे के कृष्णा घाटी क्षेत्र में सुबह आठ बजकर 20 मिनट से छोटे हथियारों और स्वचालित हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इसमें सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई। प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया।

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी रेंजरों द्वारा की गई गोलीबारी में दो असैनिक–कपूर आर एस पुरा के गौरा राम  और अब्दुल्लियां के गौर सिंह  की मौत हो गई। बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने बताया कि आरएस पुरा के सुचेतगढ़ सेक्टर में ऑक्ट्रॉय से चेनाब :अखनूर: तक के इलाके में आज सुबह से गोलीबारी चल रही थी।

उन्होंने बताया कि आर एस पुरा सेक्टर में गोलीबारी रात डेढ़ बजे रुक गई थी, लेकिन चार घंटे बाद फिर से गोलीबारी शुरू हो गई। उन्होंने कहा कि परगवाल सेक्टर में भारी गोलीबारी और गोलाबारी में बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बीएसएफ जवाबी कार्रवाई कर रही है और अंतिम समाचार मिलने तक दोनों पक्षों की तरफ से गोलीबारी चल रही थी।

सशस्त्र सीमा बल :एसएसबी: का एक जवान जम्मू में सीमा पार से गोलाबारी में घायल हो गया। कांस्टेबल लल्लू राम को पास के अस्पताल ले जाया गया और उनकी हालत स्थिर बताई जाती है। जवान बल की 14 वीं बटालियन का है और उसे कानाचक थाने में जम्मू कश्मीर पुलिस के साथ कानून व्यवस्था बहाल करने की ड्यूटी में तैनात किया गया था। उसे मोर्टार का छर्रा लगा। जहां बीएसएफ के एक जवान और एक किशोर लड़की की गुरुवार को मौत हो गई थी, वहीं पाकिस्तानी गोलीबारी में कल दो असैनिकों, एक बीएसएफ जवान और सेना के एक जवान की मौत हो गई थी और दो बीएसएफ कर्मियों समेत 40 से अधिक अन्य लोग घायल हो गए थे।