पानी की तलाश में काले हिरण का पलायन जारी

प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के मेजा क्षेत्र में स्थित जंगलों से काले हिरण (ब्लैक बक) पानी की तलाश में मध्य प्रदेश की ओर पलायन कर रहे हैं। यह स्थिति मेजा तहसील के चांद खमरिया और महुली इलाके में देखी जा रही है। जानकारी के अनुसार इस पठारी क्षेत्र में संरक्षित और विलुप्तप्राय काले हिरणों की संख्या काफी अधिक है। तीन वर्ष पूर्व हुई गणना के मुताबिक यहां 500 से अधिक काले हिरण मौजूद थे। बताया जा रहा है कि जल स्रोत के लिए बनाए गए हौज में पानी की आपूर्ति करने वाला सोलर पंप कुछ दिन पहले चोरी हो गया, जिसके चलते क्षेत्र में पानी का संकट उत्पन्न हो गया है। पानी की कमी के कारण हिरणों के झुंड मध्य प्रदेश की ओर बढ़ने लगे हैं और फिलहाल उन्हें लपरी नदी तथा आसपास के गांवों में देखा जा रहा है।

यह क्षेत्र प्रयागराज शहर से लगभग 45 से 60 किलोमीटर दूर ट्रांस-यमुना बेल्ट में स्थित है, जिसे वन विभाग ने ब्लैक बक कंजर्वेशन रिजर्व के रूप में विकसित किया है। करीब 300 एकड़ में फैले इस क्षेत्र के विकास पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं।

वन विभाग द्वारा यहां ग्रासलैंड, वॉच टावर, तालाब, सड़कें और अन्य सुविधाएं विकसित की गई हैं, लेकिन वर्तमान में पानी की कमी के कारण सैकड़ों हिरण प्रभावित हो रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार अभयारण्य में लगा सबमर्सिबल पंप और सोलर पंप व केबल चोरी हो जाने के बाद से पानी की आपूर्ति बाधित है। नया पंप लगाने की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही जलापूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल वन विभाग इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाल पाया है, जिससे वन्यजीवों के संरक्षण पर चिंता बढ़ गई है।

Related Articles

Back to top button