Breaking News

पापा बोनी कपूर की फिल्म में ‘बॉम्बे गर्ल’ बनेंगी जाह्नवी कपूर

मुंबई, बॉलीवुड अभिनेत्री और बोनी कपूर की पुत्री जाह्नवी कपूर सिल्वर स्क्रीन पर ‘बॉम्बे गर्ल’ बन सकती हैं। जाह्नवी आने वाले दिनों में गुंजन सक्सेना की बायॉपिक ‘द कारगिल गर्ल’, ‘तख्त’, ‘दोस्ताना 2’, ‘रूही-अफजा’ जैसी चर्चित फिल्मों में नजर आएंगी। अब इस कड़ी में एक और फिल्म ‘बॉम्बे गर्ल’ का नाम भी जुड़ गया है। इस फिल्म में जाह्नवी अपने पापा बोनी कपूर के प्रॉडक्शन बैनर तले काम करेंगी।

बोनी कपूर और निर्माता महावीर जैन एक साथ मिलकर दो पीढ़ियों के अंतर को दिखाने वाली फिल्म ‘बॉम्बे गर्ल’ बना रहे हैं, जिसमें मुख्य भूमिका जाह्नवी निभाएंगी। इस फिल्म में जाह्नवी कपूर एक विद्रोही युवा लड़की के किरदार में होंगी। इस फिल्म को क्लब 60 फेम निर्देशक संजय त्रिपाठी ने लिखा है, जो इसके निर्देशन का जिम्मा भी उठाएंगे।

यह फिल्म दो पीढ़ियों के सोच के अंतर को दिखाने के साथ ही उनके बीच रिश्तों की डोर मजबूत करने का संदेश भी देगी। अभी तक हालांकि यह पता नहीं चला है कि फिल्म में जाह्नवी के साथ कौन-कौन से कलाकार होंगे। जाह्नवी ने हाल में गुंजन सक्सेना की बायॉपिक ‘द कारगिल गर्ल’ और ‘रूही-अफजा’ की शूटिंग पूरी की है।