पीएम मोदी की बढ़ती लोकप्रियता हर देशवासी के लिए गर्व का विषय: ब्रजेश पाठक

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता का उच्चतम स्तर पर होना हर देशवासी के लिए गर्व का विषय है।
ब्रजेश पाठक ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, “ हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता का उच्चतम श्रेणी पर होना न केवल देशवासियों के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह वैश्विक स्तर पर भारत की शक्ति और क्षमता की ठोस पहचान भी बन चुकी है।”
ब्रजेश पाठक ने कहा कि, वैश्विक पटल पर प्रधानमंत्री की इस अद्वितीय लोकप्रियता का श्रेय उनके सशक्त और उत्कृष्ट नेतृत्व को जाता है, जो दूरदर्शिता के साथ साथ उनकी नीतियों और विचारों में परिलक्षित होता है।
उन्होंने कहा कि पीएम की यह लोकप्रियता सिद्ध करती है कि उनका नेतृत्व न केवल भारत को आगे बढ़ा रहा है, बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत को एक महत्वपूर्ण भागीदार के रूप में स्थापित कर रहा है। आदरणीय प्रधानमंत्री के निर्णयों और नीतियों का प्रभाव अन्तर्राष्ट्रीय मंच पर स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता के रूप में उभरे हैं। बिजनेस इंटेलिजेंस कंपनी मॉर्निंग कंसल्ट की तरफ से जारी ताजा लिस्ट में पीएम मोदी 75 फीसदी लोगों की अप्रूवल रेटिंग के साथ सबसे टॉप में बरकरार हैं।
भाजपा नेता अमित मालवीय ने एक पोस्ट शेयर करते यह जानकारी दी और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को न केवल भारत में एक अरब से ज्यादा लोगों का प्यार है, बल्कि पूरी दुनिया में करोड़ों लोग उनका सम्मान करते हैं।