पीएम मोदी ने नीतीश को राज्यसभा की सदस्यता की शपथ लेने पर बधाई और शुभकामनाएं दी

नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को कहा कि श्री कुमार देश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक हैं, जिनकी सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता और बिहार के विकास में अमिट योगदान सर्वविदित है। उन्होंने कहा कि श्री कुमार को संसद में लौटते देखना बहुत सुखद होगा और एक अनुभवी विधायक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री के रूप में उनका व्यापक अनुभव सदन की गरिमा को अत्यधिक बढ़ाएगा।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा ,” नीतीश कुमार जी देश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक हैं। सुशासन को लेकर उनकी प्रतिबद्धता की हर तरफ सराहना हुई है। उन्होंने बिहार के विकास में अमिट योगदान दिया है। उन्हें एक बार फिर संसद में देखना बहुत सुखद होगा। सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उन्होंने कई वर्षों तक अपनी सेवाएं दी हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि उनके लंबे राजनीतिक अनुभव से संसद की गरिमा और बढ़ेगी। राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेने पर उन्हें हार्दिक बधाई और आगे के कार्यकाल के लिए ढेरों शुभकामनाएं।”

उल्लेखनीय है कि राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन ने श्री कुमार को आज सदन की सदस्यता की शपथ दिलाई।

Related Articles

Back to top button