Breaking News

पीएम मोदी ने पूर्व मुख्यमंत्री गौर के निधन पर जताया शोक

नयी दिल्ली,  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता बाबूलाल गौर के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है।

श्री मोदी ने ट्वीट कर अपने शोक संदेश में कहा,“श्री गौर जी के निधन से गहरा दुःख हुआ। ईश्वर शोक संतप्त परिवार को दुःख की इस घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करे। ओम शान्ति!” प्रधानमंत्री ने कहा,“श्री गौर जी का लम्बा राजनीतिक जीवन जनता-जनार्दन की सेवा में समर्पित था। जनसंघ के समय से ही उन्होंने पार्टी को मज़बूत और लोकप्रिय बनाने के लिए मेहनत की। मंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में मध्यप्रदेश के विकास के लिए किए गए उनके कार्य हमेशा याद रखे जाएंगे।”

गौरतलब है कि श्री गौर लंबे समय से बीमारी के चलते राजधानी भोपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। उनका आज सुबह बीमारी के कारण निधन हो गया।