Breaking News

पुलिस हिरासत में युवक की मौत, परिजनों ने पिटाई को बताया मौत की वजह

अमेठी, उत्तर प्रदेश के अमेठी में शुक्रवार को पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने पुलिस पर हत्या व लूट का आरोप लगाया है।

पुलिस ने मृतक का शव पीएम हेतु भेज दिया है। पुलिस ने पूरे मामले में बताया कि पुलिस को देख कर भागते समय छत से गिरने के कारण चोट लगने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार सुल्तानपुर जनपद के धम्मौर थाने के निवासी दिनेश कुमार मिश्र (42 वर्ष) पर बैंक में महिला के साथ रुपये छीनने का आरोप है।

मामले की शिकायत पुलिस को मिली थी। बीती रात अमेठी पुलिस आरोपी मिश्र के घर दबिश देने गई थी। पुलिस ने बताया की जब युवक को पुलिस ने देखा तो वह छत के रास्ते भागने लगा। छत से कूदने पर उसे चोट लग गई। पुलिस ने इलाज हेतु उसे गौरीगंज जिला चिकत्सालय में भर्ती कराया। जहां उसकी मौत हो गई।

मृतक की पत्नी अनीता का कहना है कि पुलिसकर्मी रात में उसके घर गए थे। इस पर उसके पति को पुलिसकर्मियों ने दौड़ाया और छत से धकेल दिया। पत्नी का आरोप है कि पुलिसकर्मी उसके घर से पैसा ले गये। इतना ही नहीं पुलिस ने पति को ले जाते समय कपड़े भी नहीं पहनने दिये। पुलिस ने सिर्फ इतना ही कहा कि सुबह छोड़ देंगे। उसके पति को गाड़ी में बैठा कर मारते पीटते ले गये।

अमेठी के पुलिस अधीक्षक इलामारन ने बताया कि युवक पर बैंक से एक औरत से 50 हजार रुपये छीनने का आरोप था। शिकायत पर पुलिस दबिश देने गई थी। पुलिस को देखकर आरोपी युवक छत के रास्ते भागने लगा। छत से गिरने पर उसे गंभीर चोट लग गई। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।