पूर्व राज्यपाल स्वराज कौशल का निधन, राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री,बिरला ने दी श्रद्धांजलि

नयी दिल्ली, जाने-माने अधिवक्ता एवं मिजोरम के पूर्व राज्यपाल स्वराज कौशल का गुरुवार को यहां निधन हो गया। वह 73 साल थे।
श्री स्वराज का शाम साढ़े चार बजे लोधी रोड श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनकी पुत्री एवं नयी दिल्ली सीट से सांसद बांसुरी स्वराज ने उन्हें मुखाग्नि दी। सुश्री बांसुरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “पापा स्वराज कौशल जी आपका स्नेह, आपका अनुशासन, आपकी सरलता, आपका राष्ट्रप्रेम और आपका अपार धैर्य मेरे जीवन की वह रोशनी है, जो कभी मंद नहीं होगी। आपका जाना हृदय की सबसे गहरी पीड़ा बनकर उतरा है, पर मन यही विश्वास थामे हुए हैं कि आप अब मां के साथ पुनः मिल चुके हैं, ईश्वर के सान्निध्य में, शाश्वत शांति में। आपकी बेटी होना मेरे जीवन का सबसे बड़ा गौरव है, और आपकी विरासत, आपके मूल्य और आपका आशीर्वाद ही मेरी आगे की हर यात्रा का आधार रहेंगे। ”
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित विभिन्न नेताओं ने श्री स्वराज के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
श्रीमती मुर्मु ने अपने शोक संदेश में कहा, “ मिजोरम के पूर्व राज्यपाल, पूर्व सांसद और जाने-माने कानूनविद् स्वराज कौशल जी के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। मैं उनकी पुत्री एवं सांसद बांसुरी स्वराज, परिवार के दूसरे सदस्यों और चाहने वालों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं।”
श्री मोदी ने कहा, “ श्री स्वराज कौशल जी के गुज़र जाने से दुख हुआ। उन्होंने एक वकील और ऐसे इंसान के तौर पर अपनी अलग पहचान बनायी, जो ज़रूरतमंदों की ज़िंदगी बेहतर बनाने में कानूनी पेशे का इस्तेमाल करते थे। वह भारत के सबसे कम उम्र के राज्यपाल बने और अपने कार्यकाल के दौरान मिज़ोरम के लोगों पर गहरी छाप छोड़ी। एक सांसद के तौर पर उनकी समझ भी काबिले-तारीफ़ थी। इस दुख की घड़ी में मेरी दुआएं उनकी पुत्री बांसुरी और परिवार के दूसरे सदस्यों के साथ हैं। ओम शांति।”
श्री बिरला ने कहा, “ मिज़ोरम के पूर्व राज्यपाल, वरिष्ठ अधिवक्ता श्री स्वराज कौशल जी का निधन अत्यंत दुःखद है। दिल्ली स्थित उनके निवास पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनकी सुपुत्री सांसद बांसुरी स्वराज के शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।”
उन्होंने कहा, “स्वराज कौशल जी ने अपने दीर्घ सार्वजनिक जीवन में न्याय, लोकतंत्र और राष्ट्रसेवा के उच्च मूल्यों को जीवंत रखा। उनका सरल, संवेदनशील और कर्मनिष्ठ व्यक्तित्व सदैव स्मरणीय रहेगा।”
श्री बिरला श्री स्वराज को श्रद्धांजलि अर्पित करने सुश्री बांसुरी के आवास 10 तालकटोरा रोड पहुंचे। उनके अलावा केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, श्री गजेन्द्र शेखावत, श्री किरण रिजिजू, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा, केन्द्रीय राज्य मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल सहित विभिन्न नेताओं ने सुश्री बांसुरी के आवास पर पहुंच कर श्री स्वराज को श्रद्धांजलि अर्पित की। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी एवं सांसद कमलजीत सहरावत, श्रीमती सुप्रिया शुले, श्री निशिकांत दुबे, श्री विपल देव, श्रीमती संगीता देवी, श्रीमती मालविका देवी, सुश्री स्वाति मालीवाल आदि ने श्री कौशल के शव पर पुष्प चक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
श्री स्वराज की अंतिम यात्रा में शामिल होने के लिए केन्द्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेता इंद्रेश कुमार और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा सहित तमाम नेता लोधी रोड स्थित श्मशान घाट पहुंचे।
श्री स्वराज का स्वास्थ्य पिछले कुछ दिनों से खराब चल रहा था और उन्हें आज सुबह यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनकी पत्नी एवं पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वाराज का अगस्त 2019 में निधन हो गया था। उन्होंने 1975 में श्रीमती सुषमा स्वराज से शादी की थी। उनकी पुत्री बांसुरी स्वराज भाजपा की नेता एवं नयी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं।
बारह जुलाई 1952 को हिमाचल प्रदेश के सोलन में जन्मे श्री स्वराज जाने-माने वकील थे। वह 1990 से 1993 तक मिजोरम के राज्यपाल रहे। वह हरियाणा विकास पार्टी में रहते हुए 1998 से 2004 तक हरियाणा से राज्यसभा सदस्य रहे। उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ से एलएलबी की उपाधि हासिल की थी। उन्होंने उच्चतम न्यायालय में वकालात की।
संसदीय मंत्री किरन रिजिजू ने कहा, “ मिजोरम के पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व सांसद स्वराज कौशल जी के निधन से बहुत दुख हुआ। एक जाने-माने सामाजिक व्यक्ति जिनकी समझदारी, अपनापन और समाज के प्रति समर्पण ने उन्हें बहुत इज़्ज़त दिलायी। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी दिल से संवेदनाएं।”
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने एक्स पर लिखा, “ नयी दिल्ली लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज जी के पिता श्रद्धेय स्वराज कौशल जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें। ”
भाजपा विधायक सतीश उपाध्याय ने कहा, “ मिजोरम के पूर्व राज्यपाल एवं वरिष्ठ अधिवक्ता स्वराज कौशल जी के अचानक निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। दिवंगत श्रीमती सुषमा स्वराज जी के पति और सांसद बांसुरी स्वराज के पिता थे। उन्होंने ईमानदारी, समझदारी और बेमिसाल लगन से देश की सेवा की। बांसुरी जी और पूरे परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।”





