प्रधानमंत्री के जेवर के प्रस्तावित दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त

बुलन्दशहर,  प्रधानमंत्री के गौतमबुद्धनगर स्थित जेवर एयरपोर्ट के प्रस्तावित दौरे को लेकर बुलन्दशहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने जनपद की सीमा से सटे क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि एसएसपी ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर शंकर प्रसाद, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. तेजवीर सिंह और क्षेत्राधिकारी खुर्जा शोभित कुमार के साथ ककोड़ और जहांगीरपुर थाना क्षेत्रों के बॉर्डर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आवागमन मार्ग पर बनाए गए बैरियर, चेकिंग प्वाइंट और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए पुलिस बल को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच करने तथा सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

उन्होंने बॉर्डर क्षेत्रों में विशेष चौकसी बरतने, जनपद में प्रवेश करने वाले प्रत्येक वाहन की अनिवार्य जांच सुनिश्चित करने तथा प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा। इसके अलावा एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं के निर्बाध संचालन के लिए विशेष प्रबंध करने तथा यातायात के लिए डायवर्जन प्लान लागू करने के निर्देश दिए गए। आवश्यकता पड़ने पर हल्के वाहनों का भी रूट डायवर्जन किया जाएगा।

एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन और सतर्कता के साथ कार्य करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना देने के निर्देश दिए। जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

Related Articles

Back to top button