प्रवर्तन निदेशालय के कथित दुरुपयोग के विरोध में कांग्रेस का लखनऊ में व्यापक प्रदर्शन

लखनऊ,  उत्तर प्रदेश कांग्रेस ने बुधवार को सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई को लेकर लखनऊ में व्यापक प्रदर्शन किया।

भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुये पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि इतने दिनों से प्रवर्तन निदेशालय का भाजपा सरकार गलत इस्तेमाल कर रही थी। उसी का नतीजा है कि आज चार्जशीट नहीं मानी गई।

दरअसल नेशनल हेराल्ड केस में दिल्ली की अदालत ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी समेत पांच अन्य लोगों के खिलाफ ईडी की चार्जशीट पर संज्ञान लेने से इंकार कर दिया। इसको कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी जीत बताते हुए भाजपा पर ईडी के इस्तेमाल करने का आरोप लगाकर लखनऊ में प्रदर्शन किया।

कांग्रेस के पूर्व एमएलसी दीपक सिंह ने कहा “ यह भारतीय जनता पार्टी अन्याय-अत्याचार वाली सरकार है। हम इसके खिलाफ लड़ेंगे। भारत देश में महात्मा गांधी के नाम को मिटाने की साजिश है। मगर कांग्रेस पार्टी ऐसा नहीं होने देगी। हम सड़क से लेकर संसद तक लड़ाई लड़ेंगे। जेल जाएंगे।”

प्रदर्शन से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि पुलिस चाहे जितनी भी कोशिश कर ले, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोका नहीं जा सकेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो वे स्वयं और पार्टी कार्यकर्ता जेल जाने के लिए भी तैयार हैं, लेकिन प्रदर्शन से पीछे नहीं हटेंगे।

अजय राय ने कहा कि अदालत के हालिया फैसले से यह साफ हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के लिए ईडी का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने दावा किया कि इस कार्रवाई से जनता में भी भाजपा के खिलाफ नाराजगी बढ़ रही है।

Related Articles

Back to top button