प्रेमिका से शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, मंदिर में हुई शादी

इटावा, उत्तर प्रदेश में इटावा जिले के बसरेहर क्षेत्र में प्रेमिका से शादी की मांग को लेकर एक युवक सवा सौ फुट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। काफी देर चले हाईवोल्टेज घटनाक्रम के बाद दोनों पक्षों की सहमति से प्रेमी-प्रेमिका की स्थानीय मंदिर में शादी करा दी गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि इटावा विकास भवन में तैनात सफाईकर्मी सुनील वाल्मीकि अपनी प्रेमिका से विवाह करना चाहता था। किसी सूचना पर उसे पता चला कि युवती के परिजन उस पर शादी को लेकर दबाव बना रहे हैं। इसके बाद वह मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही बसरेहर थाना प्रभारी सौरभ सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और परिजनों की भीड़ भी वहां जमा हो गई। पुलिस और परिवार के लोग युवक से नीचे उतरने की अपील करते रहे।

करीब एक घंटे बाद युवती मौके पर पहुंची और शादी के लिए सहमति जताई। इसके बाद युवक टावर से नीचे उतर आया। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई, जहां युवक और युवती ने विवाह कराने की मांग की। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पुलिस थाने में विवाह नहीं करा सकती, लेकिन यदि दोनों परिवार सामाजिक रीति-रिवाज से विवाह कराना चाहें तो पुलिस को कोई आपत्ति नहीं है।

इसके बाद युवक और युवती के परिजनों ने स्थानीय मंदिर में दोनों की शादी कराई। दोनों ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाई और परिजनों का आशीर्वाद लिया।

Related Articles

Back to top button