सहारनपुर, सहारनपुर जिले के बड़गांव क्षेत्र में बुधवार सुबह एक प्रेमी युगल ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव लिंक नहर में फंदे पर झूलते मिले।
थानाध्यक्ष विनय शर्मा ने आज दोपहर बताया कि सवा ग्यारह बजे उन्हें सूचना मिली कि बेलडा पुलिस चौकी के पास लिंक नहर में एक प्रेमी युगल फांसी के फंदे पर लटका है। मौके पर पुलिस ने जानकारी ली और दोनों के शवों को बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
पुलिस के मुताबिक मृतक रवि (23) और उजाला के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के परिजन इसके खिलाफ थे। प्रेमी युगल शादी करना चाहता था। उजाला बडगांव में 12वी की छात्रा थी। मृतक युवक एक भट्टे पर काम करता था। पुलिस के मुताबिक प्रेमी युगल आज सुबह किसी वक्त बेलडा लिंक नहर पर पहुंचे और उन्होंने पुल के खम्बों से अलग-अलग रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। नदी में उस वक्त जल का प्रवाह हो रहा था और दोनों के शव आधे आधे पानी के प्रवाह में झूल रहे थे।
पुलिस ने परिजनों को मौके पर बुलाकर शवों का पंचनामा कराया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।