फाइनल में उलटफेर, एकल में वंश बिष्ट और युगल में नंदल-मयंक बने चैंपियन

लखनऊ, स्वरुप अग्रवाल मेमोरियल आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में शनिवार को खेले गए फाइनल मुकाबलों में एकल और युगल दोनों वर्गों में उलटफेर देखने को मिला। एकल वर्ग में दिल्ली के वंश बिष्ट ने खिताब अपने नाम किया, जबकि युगल में वंश नंदल और मयंक शर्मा की जोड़ी विजेता बनी।

इंडिया पेस्टीसाइड्स लिमिटेड द्वारा प्रायोजित एक लाख रुपये की प्राइजमनी वाले इस टूर्नामेंट का आयोजन एसडीएस टेनिस अकादमी द्वारा लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लॉन टेनिस फैसिलिटी में किया गया।

गैर वरीय वंश बिष्ट ने शीर्ष वरीय मयंक शर्मा को 6-2, 4-6, 6-4 से हराकर खिताब जीता। वंश ने पहले सेट में आक्रामक खेल दिखाते हुए बढ़त बनाई, लेकिन दूसरे सेट में मयंक ने वापसी कर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। निर्णायक तीसरे सेट में वंश ने दमदार सर्विस और सटीक शॉट्स के दम पर जीत दर्ज की।

युगल फाइनल में वंश नंदल और मयंक शर्मा की गैर वरीय जोड़ी ने तीसरी वरीय मुकिल रामानन और रिकी चौधरी को 1-6, 6-3, 10-6 से हराया। पहला सेट गंवाने के बाद विजेता जोड़ी ने शानदार वापसी करते हुए सुपर टाईब्रेक में मैच अपने नाम किया।

Related Articles

Back to top button