Breaking News

‘फिर इस बार 300 पार’ के लक्ष्य का संकल्प दिलाया अमित शाह ने

लखनऊ, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष और केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तर प्रदेश विधानसभा के आगामी चुनाव के लिये पार्टी कार्यकर्ताओं को ‘फिर इस बार 300 पार’ के लक्ष्य को साधने का संकल्प दिलाते हुये शुक्रवार को पार्टी के सदस्यता अभियान का यहां आगाज किया।

शाह ने यहां स्थित डिफेंस एक्सपो मैदान वृंदावन योजना में ‘मेरा परिवार-भाजपा परिवार’ सदस्यता अभियान का शुभारंभ करते हुये पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से अगले एक महीने में राज्य के 40 लाख परिवारों को भाजपा परिवार से जाेड़ने का आह्वान किया। इस दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये शाह ने भरोसा जताया कि केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के कामों की बदौलत उत्तर प्रदेश में एक बार फिर बहुमत की सरकार बनने जा रही है।

उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुये उन्होंने कहा कि उनकी नजर में विकास कार्यों और कोरोना संकट के बेहतरीन प्रबंधन से भी बड़ी उपलब्धि राज्य में माफिया राज को खत्म करना रही। उन्होने कहा, “ समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का खेल उत्तर प्रदेश में सालों साल चला। यहां क़ानून व्यवस्था का हाल देखकर हमारा ख़ून खौलता था। कैराना से लोगों को पलायन तक करना पड़ गया था। मगर आज पलायन कराने वाले उत्तर प्रदेश से ख़ुद पलायन कर गए। ” उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में माफ़िया अब दूरबीन से भी नहीं दिखाई देते है। ये बदलाव सिर्फ भाजपा ही कर सकती है।

इससे पहले शाह ने दो महिलाओं, दो युवाओं और एक बुजुर्ग व्यक्ति को मंच पर बुलाकर भाजपा का सदस्य बनाने के साथ पार्टी का सदस्यता अभियान शुरु किया। इसके बाद उन्होंने मोबाइल एप ‘मोदी 11’ का भी शुभारंभ किया। पार्टी के हेल्पलाइन नंबर के अलावा यह मोबाइल एप भी लोगों को भाजपा का सदस्य बनने का अवसर मुहैया करायेगा।

कार्यक्रम के आखिर में आयोजकों ने बताया कि शुरुआती एक घंटे में ही 15 हजार लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।

पार्टी ने अपने सदस्यों की संख्या को 3़ 5 करोड़ से बढ़ाकर अगले एक महीने में छह करोड़ तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिये 29 अक्टूबर से अगले 30 दिन तक पार्टी के कार्यकर्ता प्रदेश के 40 लाख परिवारों के घरों पर भाजपा का झंडा लगाकर लोगों को योगी और मोदी सरकार की नीतियों से अवगत कराते हुये उन्हें पार्टी का सदस्य भी बनायेंगे।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डा दिनेश शर्मा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा के चुनाव प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान, और केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर तथा महेन्द्र नाथ पांडेय सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।