मुंबई, महाराष्ट्र के आईएएस अधिकारी राधेश्याम मोपलवार को कथित तौर पर ब्लैकमेल करने और 10 करोड़ की फिरौती मांगने के आरोप में पुलिस ने एक डिटेक्टिव और उसकी कथित एक्ट्रेस वाइफ को अरेस्ट किया है। आईएएस मोपलवार को भ्रष्टाचार के आरोप में राज्य सड़क विकास निगम के उपाध्यक्ष और प्रबंधन निदेशक पद से हटाए गया था।
ठाणे पुलिस ने IAS मोपलवार को ब्लैकमेल करने के आरोप में सतीश मांगले नाम के शख्स को गिरफ्तार किया है। मांगले पर मोपलवार से 10 करोड़ रुपए मांगने का आरोप है। यह वही मांगले है जिसने मोपलवार के कथित भ्रष्टाचार की सीडी मीडिया को देकर सुर्खियां बटोरी थी। सतीश के साथ ठाणे पुलिस ने उसकी पत्नी श्रद्धा मांगले को भी गिरफ्तार किया है।
श्रद्धा खुद को एक स्ट्रगलिंग एक्ट्रेस बताती हैं। अपने फेसबुक पेज पर श्रद्धा ने कई बॉलीवुड से जुड़े कई एक्ट्रेस और एक्टर संग अपनी फोटो डाली है। ठाणे पुलिस कमिश्नर परमबीर सिंह ने बताया, मांगले और पत्नी श्रद्धा को डोंबिवली के मानपाडा इलाके में स्थित निलजे लोढा रिवर व्यू नाम की इमारत के एक फ्लैट से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के पास से दो लैपटॉप, पांच मोबाइल, चार पेन ड्राइव, 15 सीडी समेत कई दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इस मामले में पुलिस दो और आरोपियों की तलाश कर रही है।