फिल्म निर्माता, निर्देशक अनुराग कश्यप का फूंका पुतला

प्रयागराज, बाॅलीवुड़ के फिल्म निर्माता, निर्देशक और पटकथा लेखक अनुराग कश्यप द्वारा ब्राह्मण समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में सुभाष चौराहे पर पुतला दहन किया गया।

ब्राह्मण समाज अधिवक्ता संघ इकाई के कार्यकर्ताओं ने श्री कश्यप के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि बारंबार ब्राह्मण समाज पर तीखी टीका टिप्पणी करना बंद करें, यह किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक अच्छे निर्माता और निर्देशक को अपने दर्शकों की संवेदनाओं को ध्यान में रखना चाहिए। उसे हमेशा यह याद होना चाहिए कि किसी भी फिल्म को ‘अर्स से फर्श तक’ दर्शक ही पहुंचता है।

इलाहाबाद उच्च न्यायालय अधिवक्ता एवं पूर्व छात्र नेता इलाहाबाद विश्वविद्यालय आशीष तिवारी ने कहा कि ब्राह्मण समाज पर चाहे वह अनुराग कश्यप हो या किसी अन्य धर्म, जाति या वर्ग विशेष के लोग अगर इसी तरीके से अमर्यादित टिप्पणी जारी रखेंगे तो इसका परिणाम उन्हें भुगतना पड़ेगा। अनुराग कश्यप को प्रयागराज आने पर पता चलेगा कि ब्राह्मण समाज पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले का स्वागत कैसे किया जाता है, वह याद रखेंगे।

इलाहाबाद उच्च न्यायालय अधिवक्ता एवं पूर्व छात्र नेता इलाहाबाद विश्वविद्यालय आशीष तिवारी ने कहा कि अनुराग कश्यप द्वारा ब्राह्मण समाज पर अभद्र टिप्पणी के बाद महाराष्ट्र सहित पूरे देश में अब उनके खिलाफ ब्राह्मण समाज ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। उन्होंने अनुराग कश्यप को आगाह किया कि यदि उन्होंने ब्राह्मण समाज पर टिप्पणी को लेकर माफी नहीं मांगी हैं तो उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज कर उन्हें उचित सबक सिखाए। उन्होंने कहा कि प्रयागराज का ब्राह्मण समाज अब पूरे देश में जागरूकता अभियान चलाएगा और इस प्रकार टिप्पणी करने वालों की न केवल निंदा करेगा, बल्कि उनके खिलाफ आंदोलन कर उन्हें उचित सबक सिखाने का कार्य करेगा।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से अनुराग कश्यप द्वारा फ़िल्म प्रमोशन करने के उद्देश्य से किये गए इंस्टाग्राम सोशल मीडिया पोस्ट में ब्राह्मणों के ऊपर अपमान जनक शब्दो का प्रयोग किया गया है यह निश्चित ही हेट स्पीच के दायरे में आता है। इस प्रकार के हेट स्पीच से सम्पूर्ण ब्राह्मण समाज को नीचा दिखा कर पब्लिसिटी के उद्देश्य से यह घिनौना कृत्य किया गया है।

वेदांत वैदिक सेवा केंद्र की पंडित सुमन शर्मा ने कहा कि प्रयागराज पुण्य की धरती है। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार से मांग की है कि अनुराग कश्यप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको उनकी गलती का एहसास दिलाए, जिससे वह उन गलतियों की पुनरावृत्ति नहीं कर सके। प्रयागराज का ब्राह्मण समाज अनुराग कश्यप को आगाह करता है कि वह अपनी फिल्मों की ओछी पाॅपुलैरिटी के लिए ब्राह्मण समाज पर अमर्यादित टिप्पणी पर लगाम लगाए अन्यथा ब्राह्मण समाज को लगाम लगाना आता है।

गौरतलब है कि अनुराग कश्यप की प्रतीक गांधी और पत्रलेखा स्टारर फिल्म फुले की जातिवाद को बढ़ावा देने के आरोपों के चलते काफी आलोचना हो रही है। हालांकि इन सबसे खफा अनुराग कश्यप ने एक पोस्ट लिखकर ब्राह्मण समुदाय पर तंज कसा था जिससे लोग नाराज हो गए थे। वहीं एक यूजर की पोस्ट पर जवाब देते हुए अनुराग ने फिर ब्राह्मण समुदाय पर आपत्तिजनक कमेंट कर दिया।

Related Articles

Back to top button