फॉर्म-7 के जरिये ‘एक करोड़ से ज़्यादा वोट काटने’ की साज़िश में भाजपा : अखिलेश यादव

लखनऊ, समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एसआईआर प्रक्रिया के तहत फॉर्म-7 को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी फर्जी प्रिंटेड फॉर्म के जरिए फर्जी शिकायत के आधार पर बड़े पैमाने पर पीडीए, खासकर मुस्लिम मतदाताओं के नाम कटवाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि विधानसभा-वार पेन ड्राइव में एक्सेल शीट के माध्यम से सूची भेजी गई हैं और करीब एक करोड़ 99 हजार 710 वोट हटाने की साज़िश चल रही है।
मंगलवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र में वोट सबसे बड़ा हथियार होता है, इसलिए भारत निर्वाचन आयोग को निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि फॉर्म-7 को लेकर पूरे प्रदेश से शिकायतें मिल रही हैं। इसी वजह से उन्हें लोकसभा छोड़कर लखनऊ आकर मीडिया से बात करनी पड़ी। उन्होंने कहा कि उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वोट ही सबसे बड़ा हथियार होता है इसलिए चुनाव आयोग को चाहिए कि निष्पक्ष प्रक्रिया पूरी कराए। यदि चुनाव आयोग इसमें असफल रहता है तो भाजपा का झंडा अपनी बिल्डिंग पर लगा ले।
अखिलेश यादव ने बड़े संख्या में भरे गए फॉर्म-7 को दिखाते हुए कहा कि इस धांधली को रोकने के लिए निर्वाचन आयोग को डाउनलोडेड फॉर्म के सत्यापन की व्यवस्था करनी चाहिए। हर कागजी फार्म पर निर्वाचन आयोग के होलोग्राम हो। फार्म सेवन जमा करने की फुटेज निकाली जाए और जो भी व्यक्ति पकड़ा जाए उसके खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व की धारा के अंतर्गत कार्यवाही हो।
उन्होने कहा कि भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर पड़ा और खास कर मुस्लिम समाज के वोट काटने की तैयारी में है। इनका एडमिनिस्ट्रेशन है तो ऐसे में न्याय कहां मिलेगा।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि सीएम कार्यालय में तैनात एक आईएएस अधिकारी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी पर दबाव डालकर पीडीए समाज खास कर मुस्लिम मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से कटवाने की साजिश में लगा हुआ। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के मुख्य अधिकारी को बताना चाहिए कि वह किसकी तरफ है। उन्होंने सुल्तानपुर में एक मुस्लिम बीएलओ के वोट काटने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि जब लोगों को जानकारी मिल रही है कि उनका वोट कट गया है तो वह वोटर लिस्ट मांग रहे हैं। जिस पर उन्हें राज्य निर्वाचन आयोग की सूची दिखा कर कहा जा रहा है कि उनका नाम वोटर लिस्ट में है।
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान पूर्व विधायक योगेश वर्मा ने कहा कि पेन ड्राइव में मतदाताओं के नाम सहित सारी जानकारी दी गई है। कर्नलगंज विधानसभा में 6321 वोट काटने की जानकारी मिल रही है। इस दौरान अखिलेश यादव ने लखनऊ के सरोजिनी नगर विधानसभा का जिक्र करते हुए कहा कि 100 से अधिक फॉर्म सेवन में केवल एक शिकायतकर्ता दशरथ के नाम से शिकायत की गई है। इसी तरह जयसिंहपुर विधानसभा में नंदलाल नाम के व्यक्ति के नाम से शिकायत की गई है। मजे की बात यह है कि पूरा फॉर्म अंग्रेजी में भर गया है और नंदलाल अंगूठा छाप है। लेकिन फॉर्म पर फिर भी सिग्नेचर है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को चाहिए कि वह बीजेपी का झंडा अपने बिल्डिंग पर लगा ले।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी जब से लोकसभा हारी है तब से वह समाजवादी पार्टी के ज्यादातर मुस्लिम वोटरों के नाम वोटर लिस्ट से हटाने की तैयारी में है। इस दौरान उन्होंने कहा कि वोट की भूखी भाजपा कुछ भी कर सकती है। उन्होंने पीडीए प्रहरी मतदाताओं से अपील की कि ज्यादा से ज्यादा सबूत इकट्ठा करें। पीडीए प्रहरी हर बूथ पर तैनात रहे। एक भी वोट न कटने पाए। उन्होंने कहा कि कल अगर वोटर लिस्ट में आपका नाम नहीं होगा तो बीजेपी सरकारी योजनाओं से वंचित कर सकती है। बेदखल कर सकती है और कहीं ऐसा ना हो कि आपको ही अपने देश से बाहर कर दिया जाए, इसलिए सावधान रहें।





