बजट लोक-कल्याण, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प को सशक्त करने वाला: जेपी नड्डा

नयी दिल्ली, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने रविवार को केन्द्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट को लोक-कल्याणकारी, सर्वसमावेशी और “विकसित भारत” के लक्ष्य के प्रति संकल्पित देश के आर्थिक विकास को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक बजट बताया।

उन्होंने कहा कि यह बजट भारत को विश्व की सबसे बड़ी आर्थिक शक्तियों में स्थापित करने की दिशा में एक सशक्त कदम है और देश की युवा शक्ति को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है।

जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुँचाने की प्रतिबद्धता इस तथ्य से स्पष्ट होती है कि पिछले 12 वर्षों में स्वास्थ्य क्षेत्र के बजट में 176 प्रतिशत की अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र को 1 लाख 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक का आवंटन किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 9 प्रतिशत अधिक है। यह सरकार की स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाली सोच को दर्शाता है।

जेपी नड्डा ने बजट में मेंटल हेल्थ पर विशेष ध्यान दिए जाने का स्वागत करते हुए कहा कि रांची और तेजपुर स्थित केंद्रीय मनोचिकित्सा संस्थानों के उन्नयन तथा उत्तर भारत में निमहंस की स्थापना का निर्णय मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करेगा। जामनगर में डब्ल्यूएचओ ट्रेडिशनल मेडिसिन सेंटर की स्थापना भारत के लिए गर्व का विषय है, जो पारंपरिक चिकित्सा को वैश्विक पहचान दिलाएगा।

जेपी नड्डा ने कहा कि मेडिकल रिसर्च और इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए आईएसीएमआर और डिपार्टमेंट ऑफ हेल्थ रिसर्च के बजट में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है, जिससे नई दवाओं, टीकों और अत्याधुनिक उपचार तकनीकों का विकास संभव होगा। उन्होंने कहा कि सीडीएससीओ को और अधिक सशक्त बनाने का प्रस्ताव भारत में निर्मित दवाओं की गुणवत्ता को वैश्विक मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करेगा।

जेपी नड्डा ने बताया कि बायोफार्मा शक्ति इनिशिएटिव के अंतर्गत अगले पाँच वर्षों में 10,000 करोड़ रुपये के निवेश से आधुनिक जैविक दवाओं और बायोसिमिलर के घरेलू उत्पादन को प्रोत्साहन मिलेगा। फार्मा क्षेत्र के विस्तार के लिए तीन नए एनआईपीईआरएस की स्थापना और मौजूदा संस्थानों के उन्नयन से देश में फार्मा उद्योग का नया युग प्रारंभ होगा। साथ ही रासायनिक उद्योग को सशक्त करने हेतु तीन विशेष केमिकल पार्क विकसित किए जाएंगे।

जेपी नड्डा ने कहा कि बदलती जीवनशैली से उत्पन्न गैर-संचारी रोगों से निपटने के लिए वैक्ल्पिक स्वास्थ्य संस्थनों को मजबूत करने का प्रस्ताव अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे अगले पांच वर्षों में एक लाख से अधिक प्रशिक्षित पेशेवर तैयार होंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिला अस्पताल में ट्रॉमा एवं इमरजेंसी सेंटर की स्थापना से आम जनता को त्वरित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी।

जेपी नड्डा ने कहा कि यह बजट “सबका साथ, सबका विकास” की भावना के साथ गांव, गरीब, किसान, युवा और नारी शक्ति सहित समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ता है। उन्होंने इस क्रांतिकारी बजट के लिए प्रधानमंत्री मोदी, वित्त मंत्री श्रीमती सीतारमण और उनकी पूरी टीम को साधुवाद दिया।

Related Articles

Back to top button