बजट सत्र के पहले दिन विधान परिषद में 12 विधेयक हुए पेश

लखनऊ, उत्तर प्रदेश विधानमंडल के बजट सत्र के पहले दिन सोमवार को उत्तर प्रदेश विधान परिषद में विधायी एवं औपचारिक कार्यों का संपादन किया गया। सदन की कार्यवाही के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण को सुनाया गया, जिसके बाद सरकार की ओर से कुल 12 विधेयकों को सदन के पटल पर रखा गया। इसके साथ ही चार विधेयकों को संशोधन के लिए प्रस्तुत किया गया।

विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह ने सदस्यों को कार्य परामर्शदात्री समिति की संस्तुतियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि सत्र के दौरान विधायी कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए समिति द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

सदन के पटल पर रखे गए प्रमुख विधेयकों में किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) संशोधन विधेयक, उत्तर प्रदेश गन्ना उपकर विधेयक, ग्रामीण आबादी अभिलेख विधेयक, निजी विश्वविद्यालय से जुड़े विधेयक, सुगम्य व्यापार संशोधन विधेयक, शिक्षा सेवा चयन आयोग संशोधन विधेयक तथा दुकान और वाणिज्य संशोधन विधेयक शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश विनियोग विधेयक 2025-26, उत्तर प्रदेश पेंशन की हकदारी विधेयक 2025, उत्तर प्रदेश नगर निगम संशोधन विधेयक 2025 तथा निजी विश्वविद्यालय से संबंधित चतुर्थ और पंचम संशोधन विधेयक भी सदन में प्रस्तुत किए गए। बजट सत्र के पहले दिन विधान परिषद में शांतिपूर्ण ढंग से कार्यवाही संपन्न हुई।

Related Articles

Back to top button