बजट सशक्त भारत की नींव को और मजबूत करने वाला : रेखा गुप्ता

नयी दिल्ली,  दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि यह बजट अवसरों का विस्तार करते हुए विकास को गति देने वाला है और आत्मनिर्भर सशक्त भारत की नींव को और मजबूत करता है।

रेखा गुप्ता ने रविवार को पेश किये बजट पर प्रतिक्रिया करते हुए सोशल मीडिया एक्स पर कहा ”बजट 2026–27 आज त्रिनगर में स्थानीय नागरिकों और भाजपा पदाधिकारियों के साथ सुना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट अवसरों का विस्तार करता है, विकास को गति देता है और आत्मनिर्भर, सशक्त भारत की नींव को और मजबूत करता है।”

दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने कहा कि बजट 2026–27 ने यह साबित कर दिया है कि विकसित भारत का संकल्प अब केवल दृष्टि नहीं, बल्कि सशक्त कार्ययोजना बन चुका है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश की प्राथमिकताओं को स्पष्ट दिशा और ठोस आधार मिला है। उन्होंने कहा कि बजट समावेशी सोच, आर्थिक मजबूती और भविष्य की जरूरतों के संतुलन का सशक्त उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि युवा, महिला, किसान और मध्यम वर्ग-हर वर्ग को आगे बढ़ाने की स्पष्ट मंशा इस बजट में झलकती है। आधारभूत ढांचे से लेकर नवाचार तक, आत्मनिर्भरता से लेकर वैश्विक प्रतिस्पर्धा तक, यह बजट भारत की आंतरिक शक्ति को नई ऊँचाई देता है। 2047 के लक्ष्य की ओर बढ़ते भारत के लिये यह बजट एक मजबूत नींव और निर्णायक कदम है।

दिल्ली के कैबिनेट मंत्री परवेश साहिब सिंह ने कहा ”बजट 2026–27 ने यह स्पष्ट कर दिया है कि प्रधानमंत्री का विकसित भारत का संकल्प अब नीतियों और क्रियान्वयन के स्तर पर निर्णायक रूप ले चुका है। यह बजट भारत की विकास यात्रा को गति, दिशा और स्थायित्व देने वाला एक मजबूत दस्तावेज़ है। बजट देश के हर नागरिक को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। इसमें समावेशी विकास, आर्थिक अनुशासन और दीर्घकालिक प्रगति का संतुलित दृष्टिकोण स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। यह बजट केवल योजनाओं की घोषणा नहीं, बल्कि उन्हें ज़मीन पर उतारने की स्पष्ट रणनीति है।

उन्होंने कहा कि उद्योग, आधारभूत ढांचा, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, तकनीक, खेल और पर्यटन हर क्षेत्र में यह बजट भारत की आंतरिक शक्ति को और सुदृढ़ करता है। युवाओं को रोजगार, महिलाओं को आत्मनिर्भरता और किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने की स्पष्ट प्रतिबद्धता इसमें निहित है। वर्ष 2047 तक भारत को एक सशक्त, आत्मनिर्भर और वैश्विक नेतृत्वकर्ता राष्ट्र बनाने की दिशा में यह बजट एक निर्णायक मील का पत्थर सिद्ध होगा।

Related Articles

Back to top button