बलरामपुर में भारत-नेपाल मैत्री महोत्सव का आयोजन

बलरामपुर, भारत-नेपाल मैत्री संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती बलरामपुर जिले में रविवार को विशाल भारत-नेपाल मैत्री महोत्सव का आयोजन किया गया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जिले के इमलिया कोडर स्थित थारू जनजाति संग्रहालय परिसर में संस्कृति एवं पर्यटन विभाग द्वारा इस महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें दोनों देशों के सीमावर्ती नागरिकों एवं अधिकारियों ने सहभागिता की। महोत्सव में ‘एक जनपद एक उत्पाद’ प्रदर्शनी के साथ भारत-नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों पर आधारित चित्रकला एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी भी लगाई गई। स्थानीय हस्तशिल्प और उत्पादों के स्टॉलों पर आत्मनिर्भरता और स्वावलंबन की झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर भारत और नेपाल से आए युवक-युवतियों ने नृत्य और गायन के माध्यम से अपनी-अपनी सांस्कृतिक परंपराओं की प्रस्तुति दी। आयोजन के माध्यम से दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान और मैत्री संबंधों को मजबूत करने का संदेश दिया गया।





