बस्ती में ड्यूटी के दौरान मृत दरोगा के मामले की निष्पक्ष जांच हो: अजय राय

देवरिया, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने शनिवार को कहा कि बस्ती जिले के परशुरामपुर थाने में तैनात दरोगा जय कुमार गौड़ की ड्यूटी के दौरान संदेहास्पद रूप से नदी में शव मिलने की जांच होनी चाहिये।
अजय राय ने आज यहां देवरिया में मृतक दरोगा के परिजनों से मुलाकात करने के बाद कहा कि दरोगा की मृत्यु की जांच निष्पक्ष रूप होनी चाहिए। अजय राय आज शाम को मृतक दरोगा अजय कुमार गौड़ आवास मुड़ाडीह में उनके परिजनों से मिले और मृतक के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान मृतक दरोगा के भाई एडीएम भाई अरुण कुमार और पत्नी रंजीता समेत अन्य परिजनों ने घटना के पीछे गहरी साज़िश की आशंका जतायी। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि इस घटना की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों को सजा दिलाने के लिए सरकार से मांग करते है।
इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह, पूर्व सांसद कमल किशोर कमांडो,पूर्व जिलाध्यक्ष सुयश मणि त्रिपाठी,राधवेंद्र सिंह ‘राकेश’, रामजी गिरी,वरुण राय,भरत मणि त्रिपाठी,दीनदयाल प्रसाद, जयप्रकाश धनगर, राजेश सिंह, दीनदयाल यादव और संजीव कुमार मिश्रा सहित तमाम कांग्रेसी नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।





